← वापस
धार

सरदारपुर को 3000 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात! सीएम मोहन यादव को दिया न्योता  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सरदारपुर को 3000 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात! सीएम मोहन यादव को दिया न्योता

 

नर्मदा-माही लिंक परियोजना और अमका-झमका मंदिर के विकास पर चर्चा, मुख्यमंत्री ने जल्द सरदारपुर आने का दिया आश्वासन

धार। सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में करीब 3000 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण की तैयारी है। इसे लेकर पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया और भाजपा जिला मंत्री कमल यादव (अमझेरा) ने भोपाल स्थित मंत्रालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्हें सरदारपुर आने का आमंत्रण दिया। इस दौरान क्षेत्र की महत्वाकांक्षी नर्मदा-माही लिंक परियोजना और द्वापरकालीन तीर्थस्थल मां अमका-झमका मंदिर के विकास सहित विभिन्न प्रस्तावित कार्यों पर चर्चा हुई।

नर्मदा-माही परियोजना से मंदिर विकास तक चर्चा

मुलाकात के दौरान नेताओं ने सरदारपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए करीब 3000 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कराने का आग्रह किया। इनमें नर्मदा-माही लिंक परियोजना से जुड़े कार्य और मां अमका-झमका मंदिर का विकास प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।

मुख्यमंत्री ने जल्द आने का दिया आश्वासन

पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया और भाजपा जिला मंत्री कमल यादव के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए जल्द सरदारपुर पहुंचने का आश्वासन दिया है। हालांकि, कार्यक्रम की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।

प्रस्तावित विकास कार्यों से किसानों, युवाओं और आमजन को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री देवीलाल और वीरसिंग भी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...