केसरबाग रोड स्थित आचार्य श्री विद्यासागर उद्यान का मामला; नगर निगम और पुलिस ने शुरू की जांच
इंदौर। अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के केसरबाग रोड स्थित आचार्य श्री विद्यासागर उद्यान में बुधवार सुबह जैन संत के अंतिम संस्कार की सूचना से हड़कंप मच गया। करीब 80 वर्षीय जैन संत श्री सुलभथी सागर जी महाराज के निधन के बाद उद्यान परिसर में ही अंतिम संस्कार किए जाने की बात सामने आई। सार्वजनिक उद्यान में अंतिम संस्कार की जानकारी मिलते ही स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंचे और विरोध जताया।
बताया जा रहा है कि जैन संत क्षेत्र में वर्षा योग यानी चातुर्मास के लिए ठहरे हुए थे। इसी दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद समाज के लोगों ने अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कीं।
पुलिस ने अनुमति देने से किया था इनकार
अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात जैन समाज के कुछ लोग उद्यान में अंतिम संस्कार की अनुमति लेने थाने पहुंचे थे। पुलिस ने सार्वजनिक उद्यान में अंतिम संस्कार की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद बुधवार सुबह उद्यान परिसर में अंतिम संस्कार किए जाने की सूचना मिली।
पुलिस का कहना है कि अंतिम संस्कार के लिए प्रशासनिक अनुमति नहीं दी गई थी। पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
सुबह 7 बजे रहवासियों को मिली जानकारी
रहवासियों ने नगर निगम के उद्यान अधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच की मांग की है। शिकायत के अनुसार, जोन क्रमांक 15 और वार्ड क्रमांक 72 के अंतर्गत आने वाले उद्यान में नेमीनगर जैन कॉलोनी के इंद्रपुरी चातुर्मास कार्यक्रम से जुड़े लोग मौजूद थे। रहवासियों का आरोप है कि उद्यान में ही संत का अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में रहवासी मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और स्थिति संभाली।
अनुमति थी या नहीं, जांच के बाद होगा स्पष्ट
नगर निगम और पुलिस अब यह पता लगा रहे हैं कि उद्यान में अंतिम संस्कार किस परिस्थिति में कराया गया और इसके लिए किसी स्तर से अनुमति ली गई थी या नहीं। रहवासियों ने नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।