← वापस
इंदौर

सस्ते दाम पर यूएसडीटी का झांसा,खुद को पुलिस बताकर 7 लाख लूटे: पलासिया में चार बदमाशों ने नकदी लेकर पहुंचे युवक को धमकाया और भाग निकले  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सस्ते दाम पर यूएसडीटी का झांसा,खुद को पुलिस बताकर 7 लाख लूटे: पलासिया में चार बदमाशों ने नकदी लेकर पहुंचे युवक को धमकाया और भाग निकले

 

इंदौर। क्रिप्टोकरेंसी खरीदने-बेचने के नाम पर ठगी और लूट का सनसनीखेज मामला पलासिया थाना क्षेत्र में सामने आया है। बदमाशों ने सस्ते दाम पर यूएसडीटी दिलाने का झांसा देकर युवक को बुलाया और फिर खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसके पास रखे 7 लाख रुपए नकद लूट लिए। वारदात के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

   पुलिस के अनुसार फरियादी अभय तिवारी को कुछ समय पहले एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सऐप पर कॉल आया था। सामने वाले ने खुद को यूएसडीटी विक्रेता बताते हुए सस्ते दाम पर क्रिप्टोकरेंसी उपलब्ध कराने की बात कही। बातचीत के बाद सौदा तय हुआ और फरियादी को नकदी लेकर साकेत नगर क्षेत्र स्थित एक मिठाई की दुकान के पास बुलाया गया।

    अभय तिवारी तय स्थान पर 7 लाख रुपए नकद लेकर पहुंचा। वहां पहले से मौजूद दो युवकों ने उससे बातचीत शुरू की। इसी दौरान दो अन्य युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताने लगे। आरोपियों ने अभय पर अवैध काम करने का आरोप लगाते हुए उसे धमकाना शुरू कर दिया।

     अचानक बदले घटनाक्रम से फरियादी घबरा गया। इसी दौरान चारों आरोपियों ने उसके पास रखे 7 लाख रुपए छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पलासिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

       सीसीटीवी और कॉल की जांच

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों द्वारा किए गए व्हाट्सऐप कॉल और मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले भी इसी तरह लोगों को सस्ते दाम पर क्रिप्टोकरेंसी देने का झांसा दिया होगा।

   अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...