← वापस
इंदौर

स्टे हटते ही सुबह 6 बजे पहुंचा निगम का अमला, मथुरावाला भवन के बाधक हिस्से ढहाए  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
स्टे हटते ही सुबह 6 बजे पहुंचा निगम का अमला, मथुरावाला भवन के बाधक हिस्से ढहाए

 

इंदौर। छावनी चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण में बाधक बने मथुरावाला भवन के हिस्सों पर नगर निगम ने शुक्रवार सुबह कार्रवाई शुरू कर दी। न्यायालय से रोक हटने की जानकारी मिलने के बाद निगम ने रात में ही कार्रवाई की तैयारी कर ली थी। सुबह करीब 6 बजे शुरू हुई कार्रवाई 11 बजे तक चली। इस दौरान निगम और पुलिस के करीब 150 अधिकारी-कर्मचारी व जवान मौके पर तैनात रहे।

   मथुरावाला भवन की निचली मंजिल पर मिठाई की दुकान और भोजनालय संचालित हो रहे थे,जबकि ऊपरी मंजिलों पर होटल और छात्रावास था। सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई की जद में आ रहे हिस्सों को तीन बड़ी पोकलेन मशीनों की मदद से हटाया गया। कार्रवाई से पहले भवन में रखा सामान बाहर निकाला गया। ऊपरी मंजिलों पर रह रहे छात्रों का सामान भी निगम के अमले ने सुरक्षित स्थान पर रखवाया।

   अधिकारियों के अनुसार भवन के कुछ हिस्से आगे की ओर निकले हुए थे और कई जगह खंभे भी बाधक थे। ऐसे में भवन के अन्य हिस्से को नुकसान न पहुंचे,इसके लिए सावधानी से तोड़फोड़ की गई। तल मंजिल से लेकर ऊपरी मंजिल तक बाधक निर्माण और गलियारे हटाए गए। मौके पर पुलिस बल के साथ एंबुलेंस और दमकल वाहन भी तैनात रहे।

     मधुमिलन से जगन्नाथ धर्मशाला तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान पहले भी कई मकानों और दुकानों के बाधक हिस्से हटाए गए थे। मथुरावाला भवन पर न्यायालयीन रोक के कारण कार्रवाई रुकी हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक रोक हटने के बाद सुबह ही कार्रवाई की गई। सड़क के कुछ हिस्सों में निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि अन्य स्थानों पर काम जारी है।

खबरें और भी हैं...