145 पुरुष और 27 महिला अभ्यर्थी पहुंचे, 24 रहे अनुपस्थित; दस्तावेजों से लेकर बायोमेट्रिक तक हुई जांच
धार। वनरक्षक के सात पदों के लिए 196 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला है। शुक्रवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा के पहले चरण में 172 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 24 अनुपस्थित रहे। परीक्षण में 145 पुरुष और 27 महिलाएं शामिल हुईं। दस्तावेजों की जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ अभ्यर्थियों की ऊंचाई और सीने की चौड़ाई मापी गई। अब शनिवार को होने वाली 25 किलोमीटर की पैदल चाल अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता और सहनशक्ति की अगली परीक्षा होगी।
भर्ती में शामिल होने के लिए खरगोन, खंडवा, रतलाम और आलीराजपुर सहित आसपास के जिलों से भी अभ्यर्थी धार पहुंचे। प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा कराने के लिए प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों की निगरानी में अलग-अलग चरणों में परीक्षण किया गया।

दस्तावेजों के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन
निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद बायोमेट्रिक और आधार आधारित पहचान सत्यापन किया गया। शारीरिक मापदंडों के तहत ऊंचाई और सीने की चौड़ाई मापी गई, ताकि पात्रता संबंधी नियमों के अनुसार परीक्षण पूरा किया जा सके।
25 किमी की पैदल चाल से परखी जाएगी क्षमता
भर्ती का अगला चरण 24 अक्टूबर को होगा। इसमें अभ्यर्थियों को धार वनमंडल से सलकनपुर तक निर्धारित 25 किलोमीटर की पैदल चाल पूरी करनी होगी। इस चरण में उनकी शारीरिक क्षमता और सहनशक्ति का आकलन किया जाएगा। सात पदों के लिए हो रही भर्ती में यह चरण महत्वपूर्ण रहेगा।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुई प्रक्रिया
परीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर आशा परमार, एसडीओ सुरेश बारोले, सरिता ठाकुर, रेंजर प्रभुराम मुछाला, शैलेंद्र सोलंकी, होशियार सिंह कन्नौज, गौरव त्रिवेदी और गजानन बिरला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन, वन विभाग, पुलिस और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
गर्भवती अभ्यर्थी का नहीं हो सका परीक्षण
पहले दिन एक गर्भवती महिला अभ्यर्थी का शारीरिक परीक्षण नहीं हो सका। अब 25 किलोमीटर की पैदल चाल पर सभी की निगाहें हैं। इसके बाद भर्ती के निर्धारित नियमों के अनुसार चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।