← वापस
मध्यप्रदेश

सात दिन से लापता नाबालिग का जंगल में मिला सिर कटा शव, जिस युवक पर भगाकर ले जाने का शक था उसकी भी हादसे में मौत!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सात दिन से लापता नाबालिग का जंगल में मिला सिर कटा शव, जिस युवक पर भगाकर ले जाने का शक था उसकी भी हादसे में मौत!

 

सीडीआर और मोबाइल लोकेशन से जंगल तक पहुंची पुलिस; घटनास्थल से आरी और पेड़ पर लटकी रस्सी मिली, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

राजगढ़। अमित सक्सेना (लाला) राजगढ़ में 7 दिन से लापता 17 वर्षीय नाबालिग का शव मलावर थाना क्षेत्र के जंगल में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने साइबर इन्वेस्टिगेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान उस युवक की लोकेशन जंगल में मिली, जिस पर नाबालिग को अपने साथ ले जाने का संदेह था। पुलिस जंगल पहुंची तो वहां नाबालिग का सिर कटा शव मिला। घटनास्थल से आरी और एक पेड़ पर लटकी रस्सी भी बरामद हुई है। पुलिस ने अब हत्या का केस दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना शुरू कर दिया है।

30 सितंबर को दर्ज हुई थी अपहरण की रिपोर्ट

नाबालिग के लापता होने पर 30 सितंबर को राजगढ़ कोतवाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। परिजनों ने जामोन्या गणेश निवासी अनुराग उर्फ अंकित पर उसे अपने साथ ले जाने का संदेह जताया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तभी जानकारी मिली कि मलावर थाना क्षेत्र के पगारी बंग्ला के पास अनुराग की बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में उसकी मौत हो गई।

सीडीआर से जंगल तक पहुंची पुलिस

नाबालिग की तलाश में पुलिस ने मोबाइल नंबरों की सीडीआर और लोकेशन खंगाली। जांच में युवक की लोकेशन मलावर क्षेत्र के जंगल में मिली। पुलिस टीम ने सर्चिंग की तो करीब सात दिन से लापता नाबालिग का शव बरामद हुआ। शव की हालत खराब थी। घटनास्थल से मिले आरी और रस्सी समेत अन्य साक्ष्यों को पुलिस ने जांच में शामिल किया है।

रिश्तेदार से पूछताछ में सामने आई अहम कड़ी

पुलिस जांच के दौरान अनुराग के एक रिश्तेदार से भी पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि अनुराग नाबालिग को लेकर जंगल की ओर गया था। बाद में लौटकर उसने कथित तौर पर नाबालिग की हत्या करने की बात कही थी। इसके कुछ समय बाद ही उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई।

प्रेम संबंध की बात सामने आई, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में अनुराग और नाबालिग के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि अनुराग नाबालिग को करेड़ी क्षेत्र से अपने साथ ले गया था। हालांकि जंगल में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी बोलीं- सीसीटीवी से लास्ट लोकेशन तक पहुंचे

राजगढ़ थाना प्रभारी मंजू मखेनिया ने बताया कि 30 सितंबर को नाबालिग के अपहरण का केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सीडीआर में एक नंबर सामने आया। जानकारी लेने पर पता चला कि नाबालिग को साथ ले जाने वाले युवक की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी लास्ट लोकेशन तक पुलिस पहुंची, जहां जंगल में नाबालिग का शव मिला। पोस्टमार्टम कराया गया है। हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...