← वापस
मध्यप्रदेश

सद्बुद्धि यज्ञ से पहले गुलाबी गैंग कमांडर हाउस अरेस्ट  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सद्बुद्धि यज्ञ से पहले गुलाबी गैंग कमांडर हाउस अरेस्ट

 

शराबबंदी की मांग पर पूर्णिमा वर्मा का आंदोलन; बोलीं- सरकार की शराब नीति के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई

छिंदवाड़ा। शराबबंदी की मांग को लेकर रविवार को प्रस्तावित सद्बुद्धि यज्ञ से पहले गुलाबी गैंग की कमांडर पूर्णिमा वर्मा को उनके घर में नजरबंद कर दिया गया। गुलाबी गैंग की ओर से फव्वारा चौक पर मुख्यमंत्री के लिए सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन प्रस्तावित था। आयोजन से पहले हुई कार्रवाई को लेकर पूर्णिमा वर्मा ने प्रशासन पर सवाल उठाए और इसे आंदोलन को रोकने का प्रयास बताया।

      पूर्णिमा वर्मा ने कहा कि वह कई वर्षों से प्रदेश में शराबबंदी की मांग को लेकर आंदोलन कर रही हैं। उनके मुताबिक शराब के कारण परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे का असर अब युवाओं और बच्चों तक पहुंच रहा है। उनका कहना है कि शराब के साथ अन्य नशीले पदार्थों की उपलब्धता भी चिंता का विषय है और इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।

    उन्होंने कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि आंदोलन को रोकने से शराबबंदी की मांग खत्म नहीं होगी। पूर्णिमा ने कहा कि उनका संघर्ष स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सुरक्षित भविष्य के मुद्दे से जुड़ा है। उन्होंने दावा किया कि नशे के कारण कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं और सरकार को इस दिशा में अपनी नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।

      गुलाबी गैंग कमांडर ने मातृशक्ति से भी आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज पर नशे के प्रभाव को सबसे करीब से देखती हैं, इसलिए उन्हें शराबमुक्त और सुरक्षित समाज की मांग को लेकर आगे आना चाहिए।

    फव्वारा चौक पर प्रस्तावित कार्यक्रम के पहले ही नजरबंदी की कार्रवाई होने से संगठन के कार्यकर्ताओं में नाराजगी सामने आई। हालांकि प्रशासन की ओर से कार्रवाई के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब शराबबंदी की मांग को लेकर गुलाबी गैंग आगे किस तरह आंदोलन करता है, इस पर नजर रहेगी।

खबरें और भी हैं...