हर माह 5 हजार इवेंट पर कार्रवाई; महिला अपराध, मारपीट और सड़क हादसों में तुरंत पहुंच रही एफआरवी टीम
धार। जिले में डायल-112 पुलिस आपातकालीन सेवा लोगों के लिए त्वरित मदद का भरोसा बनती जा रही है। पुलिस विभाग के अनुसार धार में डायल-112 का औसत प्रतिक्रिया समय 7 मिनट 31 सेकंड है। इस प्रदर्शन के आधार पर जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। सेवा की रैंकिंग और श्रेणी निर्धारण भोपाल स्तर से किया जाता है।
जिले में हर महीने करीब 5 हजार इवेंट डायल-112 पर प्राप्त होते हैं। सूचना मिलते ही प्रथम प्रतिक्रिया वाहन की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना होती है। सड़क दुर्घटना, आगजनी, महिला अपराध, मारपीट और चोरी जैसी घटनाओं के अलावा प्रसूताओं को अस्पताल पहुंचाने में भी टीम मदद कर रही है।
संवेदनशील मामलों में भी तत्काल पहुंची टीम
पुलिस के अनुसार गुम बालिकाओं और नाबालिगों को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने के साथ आत्महत्या का प्रयास करने वाले अथवा मानसिक तनाव से जूझ रहे लोगों की सहायता में भी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कई मामलों में समय पर पुलिस पहुंचने से गंभीर परिस्थितियों को टालने में मदद मिली।
मारपीट के 951, महिला अपराध के 706 मामले
बीते माह डायल-112 पर महिला अपराध के 706, अपराध संबंधी सूचना के 173, संपत्ति संबंधी अपराध के 307, सड़क दुर्घटना के 372 और मारपीट के 951 इवेंट दर्ज हुए। अन्य श्रेणियों में 3,052 सूचनाएं प्राप्त हुईं।
एसपी सचिन शर्मा ने कहा कि हर माह करीब पांच हजार इवेंट के बावजूद साढ़े सात मिनट का औसत प्रतिक्रिया समय प्रदेश में सबसे बेहतर है। नोडल अधिकारी संजय तिवारी के नेतृत्व में जवानों की तत्परता से कई लोगों की समय पर मदद हो सकी है।