एक माह का वेतन देकर तत्काल प्रभाव से हटाया; भू-संसाधन प्रबंधन शाखा ने जारी किए आदेश, राजस्व योजनाओं के लक्ष्यों के मुकाबले काम की प्रगति नहीं मिलने पर कार्रवाई
इंदौर। स्वामित्व योजना सहित राजस्व विभाग की योजनाओं के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर इंदौर जिले में सात पटवारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। कलेक्टर कार्यालय की भू-संसाधन प्रबंधन शाखा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। सभी सात पटवारियों को एक माह का वेतन एवं भत्ते देकर तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाया गया है। कार्रवाई को राजस्व विभाग की योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप काम नहीं करने से जोड़कर देखा जा रहा है।
लक्ष्य पूरे नहीं हुए तो गई नौकरी
विभागीय स्तर पर पटवारियों के काम की समीक्षा की गई। इसमें स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन तथा फार्मर रजिस्ट्री जैसी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने के आधार पर कार्रवाई की गई। सांवेर तहसील के बुडानिया पंथ हल्के में पदस्थ परिवीक्षाधीन पटवारी सकलेंद्र सिंह भदौरिया के मामले में जारी आदेश में इसका विस्तृत उल्लेख किया गया है।
आदेश के मुताबिक, भदौरिया की नियुक्ति 1 मार्च 2024 को तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए हुई थी। कार्यों की नियमित समीक्षा के बाद उनकी प्रगति असंतोषजनक पाई गई। अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व सांवेर ने 9 अक्टूबर 2026 को कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था। इसके बाद नियुक्तिकर्ता अधिकारी ने परिवीक्षा अवधि के समग्र मूल्यांकन के आधार पर उनकी सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।
24 घंटे में सौंपना होगा पूरा प्रभार
आदेश के अनुसार, संबंधित पटवारी को हल्के का पूरा प्रभार, नक्शे, अधिकार अभिलेख, स्वामित्व योजना के दस्तावेज, वसूली पंजी, रसीद बुक, प्राप्त राशि और शासकीय उपकरण 24 घंटे के भीतर नामांकित पटवारी को सौंपने होंगे। प्रभार या शासकीय संपत्ति में कमी मिलने पर वसूली और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। संबंधित शासकीय लॉग-इन आईडी निष्क्रिय कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इन सात पटवारियों की सेवाएं समाप्त
शैलेश राठौर, दीपा गुप्ता, शिवानी राजगुरु, संजय रजक, अदम्य त्रिपाठी, सकलेंद्र सिंह भदौरिया और रंजीत मंडलोई।