← वापस
इंदौर

स्वामित्व योजना पर पंचायत सचिवों-रोजगार सहायकों की दो दिन की हड़ताल!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
स्वामित्व योजना पर पंचायत सचिवों-रोजगार सहायकों की दो दिन की हड़ताल!

 

शाम 5 बजे के बाद फोन कर बुलाने और लैपटॉप लाने का दबाव बनाने का आरोप; कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कहा- राजस्व विभाग ही कराए अपना काम

इंदौर। स्वामित्व योजना के काम को लेकर इंदौर जिले के पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों ने विरोध का मोर्चा खोल दिया है। मध्यप्रदेश पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक सचिव संगठन ने 13 और 14 अक्टूबर को दो दिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहने का निर्णय लिया है। संगठन का आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारी शाम 5 बजे के बाद फोन कर कर्मचारियों को कार्यालय बुलाते हैं। साथ ही लैपटॉप लेकर आने और स्वामित्व योजना का काम करने का दबाव बनाया जा रहा है। इसके विरोध में मंगलवार को संगठन ने कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की।

पहले से कई योजनाओं की जिम्मेदारी, अब अतिरिक्त काम का दबाव

संगठन के संभागीय उपाध्यक्ष नरेश दुबे ने बताया कि पंचायत सचिव और रोजगार सहायक पहले से ही पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की कई महत्वपूर्ण योजनाओं और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इनमें सीएम हेल्पलाइन, प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबी-जी राम जी योजना, पेंशन, संबल, स्वच्छ भारत मिशन, पंचायत दर्पण पोर्टल, कर वसूली, जन्म-मृत्यु पंजीयन और पेयजल व्यवस्था जैसे काम शामिल हैं। इसके बावजूद स्वामित्व योजना का अतिरिक्त काम सौंपने और कार्यालयीन समय के बाद बुलाने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

राजस्व विभाग के कर्मचारी ही करें अपना काम

संगठन ने मांग की है कि स्वामित्व योजना से संबंधित राजस्व विभाग के दायित्व उसी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरे कराए जाएं। पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों को शाम 5 बजे के बाद या शासकीय अवकाश के दिन फोन कर कार्यालय बुलाने के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। संगठन का कहना है कि अतिरिक्त काम का दबाव बढ़ने से पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की नियमित योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो सकते हैं। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करने और मांगों पर उचित कार्रवाई करने की अपील की गई है।

  ज्ञापन सौंपने पहुंचे ये पदाधिकारी और कर्मचारी

ब्लॉक अध्यक्ष विनोद मंडलोई, संभागीय उपाध्यक्ष नरेश दुबे,जिला अध्यक्ष गौरव जोशी, गुरदीप सिंह, हेमंत गोड़, बसंती चौहान, सोना शुक्ला, रीना मालवीय, श्याम साहू, रुचिका पालीवाल, दीपाली मंडलोई, राजेश चौहान, संजय जोशी, सुधीर जोशी, विष्णु मालवीय, बिहारी लाल चौहान, श्रीराम बरोलिया, पी.डी. तिवारी, महेश तिवारी, राजेश प्रजापत, सुनील शर्मा, दीपक सोलंकी, गुरु आशीष द्विवेदी, सुनील चौधरी, कन्हैयालाल पटेल, प्रहलाद निल, अनिल, ईश्वर माठोलिया और राधेश्याम ठाकुर सहित अन्य पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...