इंदौर। स्वतंत्रता दिवस पर सांवेर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। 15 अगस्त से क्षेत्र के 25 नए मार्गों पर 85 नई सिटी बसों का संचालन शुरू होगा। इनमें आधुनिक इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल रहेंगी, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन तेज,सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।
इस संबंध में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को रेसीडेंसी कोठी में अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कार्यकारी निदेशक अर्थ जैन,सहायक सचिव संदीप त्रिवेदी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-बसों के संचालन से पहले सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने चार्जिंग स्टेशन,बस स्टॉप और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए,ताकि 15 अगस्त से नई सेवा बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।
नई बसें सांवेर-चंद्रावतीगंज, कांकरिया बोर्डिया-सांवेर, पालिया-चंद्रावतीगंज,शिप्रा-रेलवे स्टेशन इंदौर, शिप्रा-सांवेर, खुड़ैल-इंदौर बस स्टैंड, नवलखा-शिवनी गांव,रेलवे स्टेशन-पेडमी, देवगुराड़िया-डबल चौकी (देवास), बसांदा,अजनोद, कछलिया समेत 25 से अधिक नए मार्गों पर संचालित होंगी। इससे मांगलिया, सेमलिया चाऊ, कम्पेल,पिवडाय, कनाड़िया और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में सांवेर विधानसभा क्षेत्र में 40 सिटी बसें संचालित हो रही हैं। 85 नई बसों के जुड़ने के बाद क्षेत्र का सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क और मजबूत होगा। इससे लोगों की यात्रा आसान होने के साथ रोजगार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।