अंतरराष्ट्रीय मांग बढ़ने से बाजार में तेजी, धार मंडी में महीनेभर में 4.17 लाख क्विंटल सोयाबीन की आवक; भावांतर योजना से किसानों की दूरी
धार। मानसून की बेरुखी के बावजूद इस बार किसानों को उनकी उपज के बेहतर दाम मिल रहे हैं। सोयाबीन और कपास के भावों में आई तेजी ने किसानों के चेहरों पर चमक ला दी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग बढ़ने के बीच व्यापारियों की ओर से अच्छी गुणवत्ता वाली उपज की ऊंचे दामों पर खरीदी की जा रही है। धार कृषि उपज मंडी में सोयाबीन के भाव 6800 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं, जबकि बेहतर गुणवत्ता की उपज के लिए 7800 रुपए तक मिलने की बात सामने आई है। वहीं, धामनोद मंडी में कपास की नीलामी में 9000 रुपए प्रति क्विंटल तक की बोली लग चुकी है।
धार मंडी में रोजाना 13 से 15 हजार बोरी सोयाबीन की आवक हो रही है। अक्टूबर में अब तक करीब 4.17 लाख क्विंटल उपज मंडी पहुंच चुकी है। बदनावर, राजगढ़ और धामनोद मंडियों में भी सोयाबीन की बंपर आवक हो रही है। कारोबारियों और किसानों को उम्मीद है कि बाजार में तेजी बनी रही तो दीपावली तक कृषि उपज के कारोबार में और उछाल देखने को मिल सकता है।
तीन साल तक कम भाव मिले, अब बाजार से उम्मीद
पिछले तीन साल में सोयाबीन के भाव लगातार दबाव में रहे। वर्ष 2022-23 में धार मंडी में अधिकतम भाव 5400 रुपए प्रति क्विंटल थे, जो 2023-24 में घटकर 4800 और 2024-25 में 4000 रुपए तक रह गए। 2025-26 में भी अधिकतम भाव 4200 रुपए दर्ज किए गए। अब नए सीजन में भावों में सुधार से किसानों को राहत मिली है।
दाना ठोस, चमकदार उपज; कमजोर बारिश के बाद भी उत्पादन बेहतर
इस बार मंडी में आ रही सोयाबीन की गुणवत्ता पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर बताई जा रही है। सितंबर में बारिश कम होने और धूप निकलने से फसल कटाई के दौरान उपज सूखी रही। इससे दाने की चमक और गुणवत्ता बनी रही। किसानों के मुताबिक, कमजोर बारिश के बावजूद कई खेतों में प्रति बीघा करीब पांच क्विंटल या उससे अधिक उत्पादन मिला है। इसके उलट 2023, 2024 और 2025 में सितंबर के दौरान लंबे समय तक बारिश होने से कटाई प्रभावित हुई थी। कई किसानों की फसल खेतों में ही खराब हो गई थी।
भावांतर के पंजीयन 50 तक नहीं पहुंचे, मंडी में बेच रहे किसान
पिछले साल कम बाजार भाव मिलने के कारण किसानों ने समर्थन मूल्य पर खरीदी की मांग की थी। सरकार की भावांतर व्यवस्था के तहत धार जिले में 34 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराकर उपज बेची थी। इस बार बाजार में बेहतर भाव मिलने से किसान सरकारी व्यवस्था के बजाय सीधे मंडियों में उपज बेचने को प्राथमिकता दे रहे हैं। 3 अक्टूबर से शुरू हुई पंजीयन प्रक्रिया में अब तक पंजीयन का आंकड़ा 50 तक भी नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
कपास के भाव भी चढ़े, धामनोद में 9000 रुपए की बोली
धार जिले के निमाड़ अंचल में कपास की अच्छी पैदावार होती है। इस बार कपास की मांग के चलते किसानों को सीजन की शुरुआत में ही बेहतर भाव मिल रहे हैं। धामनोद, कुक्षी, गंधवानी और मनावर मंडियों में कपास की आवक बढ़ी है। धामनोद मंडी में 7 अक्टूबर को कपास की अधिकतम बोली 9000 रुपए प्रति क्विंटल लगी थी। अन्य दिनों में भी अधिकतम भाव 8500 से 8800 रुपए तक रहे। बाजार में अच्छे दाम मिलने से किसानों की भारतीय कपास निगम पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
ऊंचे भावों पर हो रही खरीदी
मंडी में इस बार सोयाबीन की गुणवत्ता अच्छी है, इसलिए ऊंचे भावों पर खरीदी हो रही है। उम्मीद है कि तेजी आगे भी बनी रहेगी। बाजार में अच्छे दाम मिलने के कारण भावांतर योजना में किसानों का रुझान कम दिखाई दे रहा है। दीपावली के आसपास मंडी में बंपर आवक की संभावना है।
— एमएस जमरा, सचिव,कृषि उपज मंडी,धार