← वापस
इंदौर

सियागंज में 90 साल पुराना जर्जर मकान बुलडोजर से ढहाया, बड़ा हादसा टला

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सियागंज में 90 साल पुराना जर्जर मकान बुलडोजर से ढहाया, बड़ा हादसा टला

दीवार और छज्जा गिरने के बाद निगम की त्वरित कार्रवाई; व्यस्त बाजार में सुरक्षा के बीच ध्वस्तीकरण, अन्य खतरनाक भवनों पर भी चलेगा अभियान

इंदौर। शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार सुबह शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र सियागंज में करीब 90 वर्ष पुराने जर्जर मकान को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया। हाल ही में भवन की दीवार और छज्जे का हिस्सा गिरने के बाद इसे अत्यंत खतरनाक घोषित किया गया था। निगम का मानना था कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।

अल सुबह नगर निगम की रिमूवल टीम भारी अमले के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई से पहले पूरे क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर आम लोगों और व्यापारियों की आवाजाही रोक दी गई। इसके बाद दो बुलडोजरों की मदद से भवन को चरणबद्ध तरीके से गिराया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान निगम अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर तैनात रही।

सियागंज में 90 साल पुराना जर्जर मकान बुलडोजर से ढहाया, बड़ा हादसा टला - 2

नगर निगम के रिमूवल अधिकारी अंकित बिथरिया ने बताया कि भवन लंबे समय से जर्जर स्थिति में था और हाल ही में इसका कुछ हिस्सा गिरने के बाद जनहानि की आशंका बढ़ गई थी। इसी कारण तत्काल ध्वस्तीकरण का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और शहर में चिन्हित अन्य खतरनाक भवनों पर भी इसी तरह की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।

सियागंज में प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में इस जर्जर भवन को हटाने से संभावित बड़े हादसे की आशंका टल गई है। निगम की कार्रवाई के दौरान आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।

खबरें और भी हैं...