← वापस
इंदौर

सयाजी होटल के खाने की जांच में बड़ा खुलासा: 8 में 5 नमूने फेल; पनीर में गड़बड़ी, मूंगफली में फंगस, खोपरा बूरा में स्टार्च  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
सयाजी होटल के खाने की जांच में बड़ा खुलासा: 8 में 5 नमूने फेल; पनीर में गड़बड़ी, मूंगफली में फंगस, खोपरा बूरा में स्टार्च

 

इंदौर। शहर के नामी सयाजी होटल में खाद्य गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की जांच रिपोर्ट ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। होटल से लिए गए 8 खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें 5 नमूने फेल पाए गए हैं। इनमें 2 नमूने असुरक्षित और 3 अवमानक मिले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक पनीर और सान्या मीडियम फैट पनीर के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे, जबकि पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना असुरक्षित पाए गए। खोपरा बूरा का नमूना भी अवमानक निकला।

जांच में सामने आया कि होटल में इस्तेमाल किए जा रहे पनीर के नमूने में मानक के अनुरूप पनीर के बजाय सब्सटेंडर्ड/एनालॉग पनीर पाए जाने की बात सामने आई है। वहीं पिस्ता कतरन में रंग की मौजूदगी के कारण नमूना असुरक्षित पाया गया। मूंगफली दाने में फंगस मिली, जबकि खोपरा बूरा में स्टार्च की मिलावट सामने आई।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार सयाजी होटल से लिए गए नमूनों में रोस्टेड चना दाल, बारीक सौंफ और अजवाइन कुकीज मानक स्तर के पाए गए हैं। यानी कुल 8 नमूनों में 3 मानक, 3 अवमानक और 2 असुरक्षित निकले।

दो प्रतिष्ठानों के घी के सभी नमूने असुरक्षित

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की जांच में डुग्गू इंटरप्राइजेज, तलावली चंदा से लिए गए श्रीमूल घी के 5, गौसन्त घी के 2, गूमर घी का 1 और श्री शुद्ध घी का 1 नमूना असुरक्षित पाया गया। वहीं कृष इंटरप्राइजेज, लसूडिया मोरी से लिए गए वास्तु घी के सभी 7 नमूने भी असुरक्षित निकले।

   अन्य डेयरियों के नमूने भी जांच में फेल

   शिव शक्ति मिल्क एंड स्वीट्स सेंटर से लिए गए दूध-दही के नमूने मानक रहे,लेकिन पनीर और घी अवमानक पाए गए। श्री कृष्णा दूध-दही भंडार का दूध अवमानक मिला,जबकि मावा,घी और पनीर मानक रहे। पाटीदार दूध डेयरी का पनीर और मां अम्बे दूध-दही एवं किराना के दूध-दही के नमूने भी अवमानक पाए गए।

   शिकायत पर बार और रेस्टोरेंट की जांच

     मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के बाद यारी अड्डा बार का निरीक्षण कर सोयाबीन तेल, पनीर,आटा और तैयार ग्रेवी के नमूने लिए गए हैं। वहीं बॉम्बे अस्पताल चौराहा स्थित जैन रेस्टोरेंट से कचौरी, समोसा, मसाला और तैयार पोहा के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

     खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...