नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब देव पहली बार भोपाल आएंगे; 30 सितंबर-1 अक्टूबर को बैठकों में संगठन की स्थिति और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित मध्य प्रदेश दौरे से पहले भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब बुधवार से पहली बार मध्य प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। उनके साथ सह प्रभारी रेखा वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी भी भोपाल पहुंचेंगे। तीनों पदाधिकारियों की मौजूदगी में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठकें होंगी।
नए प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभालने के बाद बिप्लब देव का यह पहला मध्य प्रदेश दौरा है। बैठकों में प्रदेश संगठन की मौजूदा स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली जाएगी। प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारियों के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हो सकती है।
प्रदेश संगठन की प्राथमिकताओं का लेंगे फीडबैक
बैठकों में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज, कार्यकर्ताओं से जुड़े विषय, वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा होगी। नए प्रभारी के सामने प्रदेश संगठन की प्राथमिकताओं और मौजूदा स्थिति का खाका भी रखा जाएगा। प्रदेश प्रभारी की भूमिका संगठन और प्रदेश नेतृत्व के बीच समन्वय की होगी।
शाह के दौरे की तैयारियों पर भी नजर
अमित शाह के प्रस्तावित प्रदेश दौरे से पहले बिप्लब देव का भोपाल पहुंचना संगठन की तैयारियों के लिहाज से अहम है। शाह के दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा में तैयारियां चल रही हैं। ऐसे में बैठकों में आगामी कार्यक्रमों के साथ शाह के दौरे से जुड़े संगठनात्मक इंतजाम और पार्टी की गतिविधियों पर भी चर्चा हो सकती है। भाजपा ने हाल ही में राज्यों के संगठनात्मक प्रभार में बदलाव करते हुए बिप्लब कुमार देब को मध्य प्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है।