बुलेट और स्प्लेंडर समेत 2 बाइक बरामद; दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई गंभीर अपराध
इंदौर। शहर में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में लसूडिया पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ पहले से भी कई अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 13 अगस्त की रात स्कीम नंबर 136 में घर के बाहर खड़ी रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी हो गई थी। फरियादी की शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक बुलेट को धक्का देकर ले जा रहे हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने अमन सोनी (23) निवासी स्कीम नंबर 51 और प्रथम सामंत (21) निवासी छोटा बांगड़दा को चोरी की बुलेट के साथ गिरफ्तार किया।
प्रेस्टीज कॉलेज के पास से चुराई थी दूसरी बाइक
पूछताछ में आरोपियों ने 4 अगस्त को प्रेस्टीज कॉलेज के पास से हीरो स्प्लेंडर चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर दूसरी बाइक भी बरामद कर ली। बरामद बुलेट की कीमत करीब 2 लाख और स्प्लेंडर की कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस दोनों आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में लसूडिया थाना टीम ने की।