← वापस
मध्यप्रदेश

शिकायत के बाद जागा प्रशासन, शिवराज पार्क में चला विशेष सफाई अभियान  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
शिकायत के बाद जागा प्रशासन, शिवराज पार्क में चला विशेष सफाई अभियान  

एसडीएम के निर्देश पर झाड़ियां हटाईं, कचरा साफ किया; मच्छरों और चमगादड़ों से राहत दिलाने की पहल

सिवनी मालवा। शहर के मध्य स्थित सार्वजनिक शिवराज पार्क की बदहाल स्थिति को लेकर की गई शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। एसडीएम विजय राय के निर्देश पर नगर पालिका ने सोमवार से पार्क में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया। अभियान के तहत झाड़ियों की कटाई, कचरे की सफाई और चमगादड़ों के ठिकानों को हटाने का कार्य किया गया।

पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया था कि लंबे समय से पार्क की नियमित साफ-सफाई और देखरेख नहीं होने के कारण यहां गंदगी का अंबार लग गया था। जंगली झाड़ियां उग आई थीं और चमगादड़ों का बसेरा बन जाने से सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों, व्यायाम करने वालों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। वहीं बंद पड़े फव्वारों में जमा गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ था।

शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीएम विजय राय ने नगर पालिका को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए तथा पार्क का निरीक्षण करने की बात कही। सफाई कार्य के दौरान पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुदेश शर्मा और पार्षद प्रतिनिधि दीपक दीक्षित ने कहा कि नगर पालिका को सार्वजनिक पार्कों और अन्य स्थलों की नियमित देखरेख सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने पार्क में स्थायी रखरखाव व्यवस्था लागू करने की भी मांग की।

खबरें और भी हैं...