← वापस
इंदौर

शराब के पैसों का विवाद बना मौत की वजह, सोते दोस्त पर कुल्हाड़ी से हमला  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
शराब के पैसों का विवाद बना मौत की वजह, सोते दोस्त पर कुल्हाड़ी से हमला

 

इंदौर। भंवरकुआ थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में शराब के पैसों को लेकर हुआ विवाद दोस्त की हत्या तक पहुंच गया। करीब 50 वर्षीय स्वर्णदीप उर्फ गोल्डी की उसके ही दोस्त बंटी ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को पुलिस ने खून से सने कपड़ों में गिरफ्तार कर लिया।

   पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर गेट नंबर-2 के पास गोल्डी फुटपाथ पर रहता था। उसका दोस्त बंटी भी वहीं रहता था। दोनों ट्रकों की चौकीदारी और हम्माली करते थे तथा अक्सर साथ में शराब पीते थे। घटना वाली शाम भी दोनों ने शराब पी। रात करीब 11 बजे शराब के पैसों को लेकर दोनों में विवाद हुआ। इसी दौरान गोल्डी ने बंटी को थप्पड़ मार दिया।

    विवाद के बाद दोनों अलग हो गए। रात करीब एक बजे गोल्डी फुटपाथ पर सो रहा था,तभी बंटी ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठाई और उसके सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोल्डी की मौके पर ही मौत हो गई।

     सुबह करीब छह बजे चाय की दुकान लगाने वाले व्यक्ति ने गोल्डी को खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच शुरू कर सीसीटीवी और अन्य सुरागों के आधार पर बंटी को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।अतिरिक्त डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले की जानकारी दी।

खबरें और भी हैं...