सेल्समैन को भी किया घायल, वीडियो बनाकर वायरल; गर्भवती बंदरिया को जैविक उद्यान की टीम ने रेस्क्यू किया
रांची। झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी में शुक्रवार शाम शराब की दुकान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बंदरिया अचानक दुकान के भीतर घुस गई। देखते ही देखते उसने शराब की बोतलें गिराईं और एक बोतल खोलकर शराब पीने लगी। कुछ देर बाद नशा चढ़ा तो बंदरिया दुकान में रखी शराब की पेटियों पर ही बेसुध होकर सो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सेल्समैन ने बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
घटना ओरमांझी प्रखंड मुख्यालय के पास बांके बिहारी मार्केट स्थित शराब दुकान की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे बंदरिया दुकान में घुसी और बोतलें तोड़ते हुए उत्पात मचाने लगी। उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहे एक सेल्समैन पर उसने हमला कर दिया। हाथ-पैर में चोट लगने के बाद उसका स्थानीय अस्पताल में उपचार कराया गया।
काफी देर तक बंदरिया दुकान में उछल-कूद करती रही। शराब पीने के बाद जब नशा चढ़ा तो वह शांत होकर पेटियों पर लेट गई। स्थानीय लोगों ने उसे गर्भवती बताया। कुछ देर बाद नशा कम हुआ तो वह फिर सक्रिय हो गई और दुकान के भीतर दौड़ने लगी।
सूचना मिलने पर बिरसा जैविक उद्यान की बचाव टीम मौके पर पहुंची। जीव विज्ञानी विवेकानंद, राकेश अवस्थी समेत टीम ने बंदरिया को सुरक्षित पकड़ लिया। उसे जैविक उद्यान के पशु चिकित्सालय में निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकीय जांच के बाद स्वस्थ पाए जाने पर उसे जंगल में छोड़ने की बात कही गई है।
सोसल मीडिया वाइरल