← वापस
मध्यप्रदेश

शराब कांड का ₹30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ में धराया  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
शराब कांड का ₹30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ में धराया

 

पुलिस को देखते ही तीन फायर किए, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद

सागर। बंडा जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे ₹30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत (21) को सागर पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ग्राम छापरी, थाना बंडा का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर की तड़के थाना बहरोल पुलिस को सूचना मिली थी कि शराब प्रकरण का आरोपी शिवांजय कठुआ नाला के पास जंगल में मौजूद है और धामोनी-बहरोल मार्ग से होते हुए अपने घर छापरी जा सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। थाना बान्द्री प्रभारी सतेन्द्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीमों ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की।

     पुलिस को देखते ही फायरिंग

पुलिस टीम को देखकर शिवांजय ने तीन फायर किए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक शिवांजय पूर्व से शराब तस्करी में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

खबरें और भी हैं...