खातेगांव में ड्यूटी के दौरान दर्दनाक घटना, चालक वाहन छोड़कर फरार; दो घंटे तक अस्पताल में चला उपचार, पुलिस महकमे में शोक
देवास। मध्यप्रदेश में अवैध शराब के कारोबार पर कार्रवाई के बीच देवास जिले से ऐसी घटना सामने आई है,जिसने पूरे पुलिस महकमे को झकझोर दिया। रविवार देर रात करीब दो बजे खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान शराब से भरे आयशर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया। ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी के ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल पुरी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां करीब दो घंटे तक सीपीआर और उपचार के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
संदलपुर में वाहन छोड़कर भागा चालक,चर्चा है कि इंदौर हो तो हुए गुजरात जा रही थी शराब की खेप
घटना के बाद चालक संदलपुर के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा रात करीब साढ़े तीन बजे खातेगांव पहुंचे। उज्जैन संभाग के आईजी राकेश गुप्ता के अनुसार वाहन में शराब भरी हुई थी और खेप गुजरात ले जाई जा रही थी। शराब की कुल मात्रा का आकलन किया जाना बाकी था। पुलिस तस्करी के नेटवर्क और वाहन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।
जहरीली शराब कांड के बाद भी तस्करी पर सवाल
देवास के चंदाना क्षेत्र और सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए और अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद तस्करी का सामने आना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
इंदौर में पकड़े गए शराब के कंटेनरों का मामला भी जांच के दायरे में
इंदौर में जीएसटी टीम द्वारा पकड़े गए शराब के कंटेनरों और आबकारी विभाग को सौंपे गए मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा जांच की प्रगति भी सार्वजनिक होनी चाहिए। आखिर शराब की खेप कहां से आती है, किसके संरक्षण में आगे बढ़ती है और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है? थाना प्रभारी की मौत ने इन सवालों को और गंभीर बना दिया है।