दमोह के अमझिर गांव में वन चौकी पर नशे में मिला वनरक्षक, पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर संभाली स्थिति; विभाग ने मांगा प्रतिवेदन
दमोह/मडियादो। पन्ना टाइगर रिजर्व और मडियादो वन परिक्षेत्र के ग्राम अमझिर में पदस्थ वनरक्षक सूर्यकांत उईके का शराब के नशे में हाई-वोल्टेज ड्रामा सामने आया है। वनरक्षक पर राहगीरों से अभद्रता, गाली-गलौज और कथित अवैध वसूली के आरोप लगे हैं। पूरे घटनाक्रम का वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वनरक्षक शराब के नशे में लोगों से विवाद कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उसका ऐसा व्यवहार कोई नई बात नहीं है और लंबे समय से वह इसी तरह की गतिविधियों में लिप्त रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वन चौकी और शासकीय आवास में शराब रखी जाती है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही मडियादो थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी देर तक वन चौकी का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में जब दरवाजा खोला गया तो वनरक्षक कमरे के भीतर नशे की हालत में बेसुध पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना के बाद वन विभाग की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
अधिकारी बोले
वन परिक्षेत्र अधिकारी जे.पी. मिश्रा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रतिवेदन के साथ भेज दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला गंभीर प्रतीत होने पर संबंधित वनरक्षक के विरुद्ध शीघ्र निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।