सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में आयोजन, बच्चियों का बढ़ाया उत्साह

इंदौर। समाजवादी इंदिरा नगर स्थित श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर परिसर में शरद पूर्णिमा के अवसर पर नवरात्रि में गरबा करने वाली नन्हीं कन्याओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। गणेश चौक उत्सव एवं टाटंबरी सरकार भक्त मंडल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार पाकर बच्चियों के चेहरे खिल उठे। मंदिर परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।

महेश राठौर, अंकित पंडित ने बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी नवरात्रि के दौरान गरबा करने वाली बच्चियों को शरद पूर्णिमा पर पुरस्कृत किया गया। आयोजन का उद्देश्य बच्चियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है।
इस पहल के माध्यम से धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ बच्चों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश भी दिया गया। आयोजकों की इस पहल से नन्हीं प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिला और उत्सव की खुशियां दोगुनी हो गईं।