← वापस
इंदौर

शटर बंद, लेकिन शराब की बिक्री जारी! द्वारकापुरी की दुकान का देर रात का VIDEO वायरल!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
शटर बंद, लेकिन शराब की बिक्री जारी! द्वारकापुरी की दुकान का देर रात का VIDEO वायरल!  

द्वारकापुरी क्षेत्र की शराब दुकान पर बंदी के बाद भी लगी भीड़,सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से कार्रवाई पर सवाल; पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

राजवाड़ा दर्पण । इंदौर में शराब बिक्री के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का दावा करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो द्वारकापुरी क्षेत्र की एक शराब दुकान का बताया जा रहा है,जिसमें दुकान का शटर बंद होने के बावजूद बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। दावा किया जा रहा है कि निर्धारित समय के बाद भी देर रात तक शराब की बिक्री की जा रही थी।

  स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शहर की विभिन्न शराब दुकानों के ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं,जिनमें बंदी के बाद भी शराब बेचने के आरोप लगे थे। लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानों पर शटर के नीचे या अंदर बने छोटे खांचे के जरिए ग्राहकों को देर रात तक शराब उपलब्ध कराई जाती है।

वायरल वीडियो के बाद आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि शिकायतें होने के बावजूद विभाग की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रहती है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि संबंधित अधिकारियों और सर्किल स्तर के कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण ऐसे मामलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर बार वीडियो वायरल होने के बाद कुछ दिनों तक देर रात बिक्री बंद हो जाती है, लेकिन मामला शांत होते ही फिर से वही स्थिति बन जाती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इस बार वायरल वीडियो के बाद आबकारी विभाग संबंधित दुकान के खिलाफ ठोस कार्रवाई करेगा या फिर मामला पहले की तरह जांच और खानापूर्ति तक ही सीमित रह जाएगा।

आबकारी विभाग का पक्ष जानने के लिए आबकारी कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

चर्चा में:

शहर में चर्चा है कि इसी शराब दुकान पर एक दिन पहले एक सिपाही और कर्मचारियों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद संबंधित सिपाही को लाइन अटैच किए जाने की भी चर्चा है।इसके बाद देर रात ये विडियो सोसल मीडिया पर वाइरल हो रहा है।

खबरें और भी हैं...