इंदौर। एक शादी के बाद पति के लगाए आरोपों ने रिश्ते को विवादों के घेरे में ला दिया है। लोकेश तंवर ने पुलिस को शिकायत देकर पत्नी मोनिका और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोकेश का दावा है कि मोनिका की उससे यह छठी शादी है और उससे पहले वह पांच शादियां कर चुकी है। उसने पत्नी के पहले से बच्चे होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
लोकेश के मुताबिक, करीब एक साल पहले उसकी मोनिका से हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई थी। यह उसकी दूसरी शादी थी और पहली पत्नी से तलाक की जानकारी उसने मोनिका को पहले ही दे दी थी। शिकायत में कहा गया है कि शादी के करीब छह महीने बाद उसे पत्नी के कथित पुराने वैवाहिक संबंधों की जानकारी मिली।
विरोध किया तो विवाद बढ़ा:
लोकेश का आरोप है कि जानकारी सामने आने के बाद उसने पत्नी से सवाल किए तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां मिलने लगीं। शिकायत में पत्नी मोनिका, उसके भाई शुभम और परिवार के अन्य सदस्यों पर घर आकर मारपीट करने, अपशब्द कहने और धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।
पति का दावा है कि एक शिकायत के बाद उसे करीब 10 दिन जेल में भी रहना पड़ा। इसी दौरान घर से सामान और 9 हजार रुपए ले जाने का भी उसने आरोप लगाया है।
मां-बहन को धमकी का भी आरोप: लोकेश ने शिकायत में 31 अगस्त को उसकी मां के घर पहुंचकर विवाद और तोड़फोड़ किए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मां और बहन को भी धमकियां दी गईं। राजवाड़ा स्थित उसकी दुकान पर पहुंचकर परेशान करने और रास्ते में रोककर धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
लोकेश ने पुलिस को फोटो सहित अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है और पत्नी व उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले में पति की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच होना बाकी है। पत्नी और उसके परिवार का पक्ष सामने नहीं आया है।