कोसमी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार के साथ जमीन पर बैठकर किया भोजन; बच्चे का जन्मदिन मनाया, बोले- अगले जन्मदिन तक पक्की छत दिलाने का संकल्प लें
भोपाल/भेरुंदा। बुधनी क्षेत्र के कोसमी गांव में आदिवासी परिवारों पर हुई कार्रवाई को लेकर सियासत और तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बाद अब उनके बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भी पीड़ित आदिवासी परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार की समस्याएं सुनीं, उनके साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान अधिकारियों को लेकर उनका सख्त बयान भी सामने आया। कार्तिकेय ने कहा, “अधिकारियों को आपसे टकराने से पहले हमसे टकराना होगा।”
पंडाल के नीचे मनाया बच्चे का जन्मदिन
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान कार्तिकेय ने एक बच्चे का जन्मदिन भी मनाया। केक काटने से पहले उन्होंने कहा, “आज मेरे छोटे भाई का जन्मदिन है, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि जन्मदिन पर उसके सिर पर छत नहीं है। हम सब इसी पंडाल के नीचे जन्मदिन मनाएंगे और प्रण लेंगे कि अगले जन्मदिन तक इसके सिर पर पक्की छत हो।” उनके इस बयान के बाद परिवार को आवास उपलब्ध कराने का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया।
सोमवार से धरने पर बैठा बारेला समाज
कोसमी गांव में कार्रवाई से प्रभावित बारेला समाज के लोग सोमवार से धरने पर बैठे हैं। धरनास्थल पर क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव भी पहुंचे थे। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे कई वर्षों से यहां रहकर जीवनयापन कर रहे हैं। कार्रवाई के बाद उनके सामने रहने और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
वहीं, वन विकास निगम के अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई से पहले संबंधित परिवारों को नोटिस दिए गए थे। वन विकास निगम की रेंजर जया यादव के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में करीब 32 हेक्टेयर भूमि पर अवैध कब्जे की बात सामने आई है। इसी आधार पर विभाग ने कार्रवाई की।
जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद
भूमि पर कब्जे और विभागीय कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कह चुके हैं कि मामले की जांच हो रही है और दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। अब प्रभावित परिवारों की मांगों, भूमि संबंधी दावों और प्रशासनिक जांच के नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हैं।