इंदौर। अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार में कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक युवक से 8.70 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। चंदन नगर थाना क्षेत्र के ताप्ती परिसर निवासी जय कुमार बडोनिया को एक अज्ञात महिला ने निवेश का झांसा दिया। उसकी बातों में आकर युवक ने नौ बार में अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कर दी। बाद में मुनाफे सहित राशि निकालने की कोशिश की तो और पैसे मांगे जाने लगे। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस और साइबर सेल में शिकायत की।
अप्रैल में आया था फोन
शिकायत के मुताबिक, अप्रैल में जय कुमार के पास अज्ञात महिला का फोन आया था। उसने अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार में निवेश करने पर कम समय में भारी मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक को अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी देकर रकम जमा कराई गई। पीड़ित ने नौ बार में कुल 8 लाख 70 हजार रुपए स्थानांतरित कर दिए।
नरकम निकालने पर खुला मामला
निवेश की राशि और मुनाफा वापस लेने की कोशिश करने पर आरोपियों ने और रकम की मांग शुरू कर दी। इसके बाद युवक को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के अनुसार, मामले में आगे की जांच की जा रही है।