लघुशंका के बहाने वाहन से उतरा, जवानों पर फायरिंग कर भागने लगा आरोपी; जवाबी कार्रवाई में घायल, शराब तस्करी का नेटवर्क मप्र से गुजरात तक फैला
देवास। टीआई को वाहन से कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले शराब तस्कर ने गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस के सामने जानलेवा चुनौती पेश कर दी। खातेगांव टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या का मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत पुलिस अभिरक्षा से भागने लगा। उसने एएसआई की सरकारी रिवॉल्वर छीनकर पुलिस जवानों पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक गोली उसके दाहिने पैर में जा लगी। घायल आरोपी को पहले देवास जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से इंदौर रेफर कर दिया गया।
घटना रविवार देर रात इंदौर-बैतूल हाईवे की है। अवैध शराब से भरे मिनी ट्रक को रोकने के लिए टीआई दिलीप पुरी गोस्वामी पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ाकर टीआई को कुचल दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गया था।
मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर विशेष जांच दल गठित कर पांच पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में लगाई गई थीं। आखिरकार उसे आलीराजपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पंक्चर हुआ पुलिस वाहन, तस्कर ने मौका देख छीनी रिवॉल्वर
आरोपी को खातेगांव लाया जा रहा था। रास्ते में राजोदा-बरोठा मार्ग पर पुलिस वाहन का पहिया पंक्चर हो गया। इसी दौरान आरोपी ने लघुशंका जाने के बहाने वाहन से उतरने की अनुमति ली और अचानक एएसआई की रिवॉल्वर छीनकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों पर फायरिंग करते ही जवानों ने मोर्चा संभाला और जवाबी गोलीबारी में उसे घायल कर दिया। जांच में आरोपी का मध्यप्रदेश से गुजरात तक फैले अवैध शराब तस्करी नेटवर्क से जुड़ाव भी सामने आया है।