इंदौर–छोटा उदयपुर रेल परियोजना को बताया विकास की नई धुरी, अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश
धार। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने शनिवार को कैबिनेट मंत्री एवं धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के साथ निर्माणाधीन इंदौर–छोटा उदयपुर रेल परियोजना के तहत विकसित किए जा रहे टांडा रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने स्टेशन निर्माण और परियोजना की प्रगति की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान श्रीमती ठाकुर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को जल्द आधुनिक और सुरक्षित रेल सुविधा मिल सके।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र में पहली बार रेल संपर्क स्थापित होना ऐतिहासिक उपलब्धि है। इंदौर–छोटा उदयपुर रेल परियोजना सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की नई आधारशिला साबित होगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी तथा वर्षों से बेहतर परिवहन सुविधा का इंतजार कर रहे लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी परियोजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।