सुबह 8:30 बजे शुरू होगा परीक्षण, 25 हजार वोल्ट की बिजली लाइन चार्ज; रेलवे ने ग्रामीणों और किसानों को किया सतर्क
इंदौर। इंदौर–दाहोद रेल परियोजना के तहत टीही से धार के बीच रेल संचालन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठने जा रहा है। नवनिर्मित रेलखंड पर विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद 2 नवंबर को इलेक्ट्रिक इंजन का स्पीड ट्रायल किया जाएगा। इस दौरान ट्रेन अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाकर रेलवे ट्रैक और विद्युत व्यवस्था की जांच की जाएगी।
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार, रविवार शाम को टीही–धार रेलखंड की 25 हजार वोल्ट की विद्युत ओवरहेड लाइन चार्ज की जाएगी। इसके बाद सोमवार सुबह 8:30 बजे टीही स्टेशन से स्पीड ट्रायल शुरू होगा। निर्माण विभाग द्वारा सीआरएस निरीक्षण से पहले यह परीक्षण किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहले टीही से धार के बीच 30 और धार से टीही के बीच 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इंजन चलाया जाएगा। इसके बाद टीही से धार के बीच 110 तथा वापसी में धार से टीही के बीच अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से परीक्षण होगा।
ट्रैक के आसपास जाना भी खतरनाक
रेलवे प्रशासन ने आसपास के ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। परीक्षण के दौरान रेलवे पटरी पर चलने, बैठने, फोटो-वीडियो बनाने और ट्रैक पार करने से बचने को कहा गया है। ग्रामीण अपने मवेशियों को भी रेल लाइन से दूर रखें, क्योंकि तेज रफ्तार इंजन से दुर्घटना की आशंका रहेगी।
25 हजार वोल्ट की लाइन से रहें दूर
रेलवे ने चेतावनी दी है कि ओवरहेड विद्युत तारों में 25 हजार वोल्ट का करंट रहेगा। ऐसे में तारों, खंभों और विद्युत उपकरणों के नजदीक जाना जानलेवा हो सकता है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इंजन की वास्तविक गति का अंदाजा दूर से लगाना संभव नहीं है। इसलिए किसी भी स्थिति में सुरक्षा से समझौता न करें।