← वापस
इंदौर

ताई की सीएम से दोटूक बात: ‘नौकरी मांगने आई हूं’, इंदौर के अधूरे काम पूरे कराने पहुंचीं  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ताई की सीएम से दोटूक बात: ‘नौकरी मांगने आई हूं’, इंदौर के अधूरे काम पूरे कराने पहुंचीं

 

इंदौर। शहर के अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन एक बार फिर सक्रिय हुई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उन्होंने कला-संस्कृति भवन का रुका निर्माण शुरू कराने और अहिल्या स्मारक के शेष कार्य जल्द पूरे कराने की मांग उठाई। मुलाकात के बाद मीडिया से चर्चा में ताई ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘नौकरी मांगने आई हूं।’ उनके इस बयान ने शहर की लंबित परियोजनाओं को लेकर चल रही चर्चा को फिर हवा दे दी।

सुमित्रा महाजन ने कहा कि इंदौर में लंबे समय से अधूरे पड़े महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाना चाहिए। कला-संस्कृति भवन तैयार होने से शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को बेहतर मंच मिलेगा, वहीं अहिल्या स्मारक के शेष कार्य पूरे होने से इससे जुड़ी विकास योजनाओं को गति मिल सकेगी।

   पानी की समस्या पर भी ध्यान देने की जरूरत

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान शहर में पानी की समस्या का मुद्दा भी उठा। सुमित्रा महाजन ने जनप्रतिनिधियों से लोगों को पानी के जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने की अपील की। उनका कहना था कि पानी की समस्या के समाधान के लिए व्यवस्थाएं सुधारने के साथ लोगों को जल संरक्षण के प्रति समझाइश देना भी जरूरी है।

ताई की इस पहल के बाद शहरवासियों की नजर अब सरकार के अगले कदम पर है। सवाल यही है कि कला-संस्कृति भवन का निर्माण कब शुरू होगा और अहिल्या स्मारक के बाकी कामों को कब तक पूरा किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...