जेल रोड पर दो कारों पर भरभराकर गिरा पेड़, पांच लोग थे सवार; एफआरवी से अस्पताल पहुंचाई घायल महिला, इलाज के दौरान तोड़ा दम
इंदौर। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे तेज बारिश के बीच जेल रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब केंद्रीय जेल के पास दरगाह के सामने सड़क किनारे खड़ा पुराना इमली का पेड़ अचानक भरभराकर दो चलती कारों पर जा गिरा। पेड़ के भारी वजन से दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में कार सवार 78 वर्षीय राधा देवी सिंघी और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। राधा देवी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के वक्त दोनों कारों में कुल पांच लोग सवार थे। पेड़ गिरने से एक कार पूरी तरह उसके नीचे दब गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एमजी रोड थाना पुलिस और डीआरपी लाइन से एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने राहत-बचाव शुरू कर कारों में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
बताया गया कि मृतका राधा देवी सिंघी, एरोड्रम रोड स्थित विंध्याचल नगर की रहने वाली थीं। वे नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण में डिप्टी डायरेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां थीं। हादसे की सूचना मिलने पर अपर कलेक्टर रजनीश कसेरा भी मौके पर पहुंचे। नगर निगम की टीम के साथ राहत कार्य की निगरानी करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।
एंबुलेंस में देरी, पुलिस की एफआरवी बनी सहारा
हादसे के बाद घायल महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन देरी होने पर पुलिसकर्मियों ने तत्काल अपनी एफआरवी की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन राधा देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
उधर,नगर निगम की टीम ने सड़क पर गिरे विशाल पेड़ को हटाने का काम शुरू किया। पेड़ हटने के बाद यातायात सामान्य कराया गया। घटना ने बारिश के दौरान सड़क किनारे खड़े पुराने और जर्जर पेड़ों की सुरक्षा और समय रहते उनकी जांच पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, जोन-3 ने बताया कि हादसे में घायल महिला को पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।