← वापस
मध्यप्रदेश

टैक्स वसूली के दौरान हंगामा, नगर निगम कर्मचारी से कथित मारपीट; कार्रवाई की मांग पर थाने पहुंचा पूरा अमला

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
टैक्स वसूली के दौरान हंगामा, नगर निगम कर्मचारी से कथित मारपीट; कार्रवाई की मांग पर थाने पहुंचा पूरा अमला

 बालाजी नगर में संपत्तिकर वसूली के दौरान विवाद, पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान लेकर शुरू की जांच

देवास। शहर के बालाजी नगर क्षेत्र में संपत्तिकर की वसूली के दौरान नगर निगम के एक कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में निगम अधिकारी और कर्मचारी कोतवाली थाने पहुंचे तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार नगर निगम के वार्ड क्रमांक-42 में पदस्थ संपत्ति कर नाकेदार (सहायक प्रभारी) राजेंद्र हाड़ा नियमित कर वसूली अभियान के तहत बालाजी नगर निवासी ओंकारसिंह कुशवाह के यहां बकाया संपत्तिकर की राशि वसूलने पहुंचे थे। इसी दौरान कर भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और कथित तौर पर कर्मचारी के साथ मारपीट की घटना हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ शुरू की। मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में थाने पहुंचे। कर्मचारियों ने शासकीय कार्य के दौरान सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

टैक्स वसूली के दौरान हंगामा, नगर निगम कर्मचारी से कथित मारपीट; कार्रवाई की मांग पर थाने पहुंचा पूरा अमला - 2

प्रभारी राजस्व निरीक्षक प्रीति श्रीवास्तव ने बताया कि निगम कर्मचारी नियमित कर वसूली अभियान के तहत शासकीय दायित्व निभा रहे थे। ऐसे में उनके साथ हुई घटना गंभीर है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं डीएसपी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

टैक्स वसूली के दौरान हंगामा, नगर निगम कर्मचारी से कथित मारपीट; कार्रवाई की मांग पर थाने पहुंचा पूरा अमला - 3

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है,जबकि नगर निगम कर्मचारियों ने भविष्य में कर वसूली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

खबरें और भी हैं...