← वापस
इंदौर

टेलीग्राम से चल रहा था ऑनलाइन बेटिंग का काला खेल: राऊ पुलिस का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
टेलीग्राम से चल रहा था ऑनलाइन बेटिंग का काला खेल: राऊ पुलिस का बड़ा खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

फ्लैट से संचालित हो रहा था नेटवर्क, 9 मोबाइल, 2 लैपटॉप, 7 एटीएम कार्ड और ₹40 हजार नकद जब्त; पूरे सिंडिकेट की तलाश में जुटी पुलिस

    इंदौर। शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ राऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेलीग्राम के जरिए संचालित हो रहे ऑनलाइन बेटिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ट्रेजर फैंटेसी कॉलोनी स्थित एक फ्लैट पर छापा मारकर मुख्य आरोपी राहुल पुत्र प्रवीण निम्बोला, निवासी धार, को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इंटरनेट और कॉलिंग के माध्यम से देशभर में ऑनलाइन बेटिंग का नेटवर्क संचालित कर रहा था।

    छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, दो लैपटॉप, नौ स्मार्टफोन, सात एटीएम कार्ड, वाई-फाई उपकरण समेत कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं। बरामद सामग्री से आशंका जताई जा रही है कि बेटिंग से जुड़े करोड़ों रुपये के लेन-देन वर्चुअल बैंक खातों और डिजिटल माध्यमों से किए जा रहे थे।

   पुलिस अब जब्त किए गए मोबाइल, लैपटॉप, बैंकिंग रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच करा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य ऑपरेटरों, फाइनेंसरों और सहयोगियों तक पहुंचा जा सके। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस गिरोह का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है और टेलीग्राम के जरिए कितने लोगों को इसमें जोड़ा गया था।

   डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का फोकस पूरे नेटवर्क का खुलासा कर इसमें शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका सामने लाने पर है। शुरुआती जांच में कई अहम डिजिटल सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आने वाले दिनों में इस ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी बड़ी कार्रवाई होने की संभावना है।

खबरें और भी हैं...