← वापस
इंदौर

तमिलनाडु मुख्यमंत्री विजय के नाम पर साइबर ठगी का नया खेल, इंदौर में आधा दर्जन शिकायतें  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तमिलनाडु मुख्यमंत्री विजय के नाम पर साइबर ठगी का नया खेल, इंदौर में आधा दर्जन शिकायतें

 

फाउंडेशन से मदद का झांसा देकर ठग रहे रकम; बिजनेस, शिक्षा और स्टार्टअप लोन दिलाने का देते हैं लालच, क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

इंदौर। साइबर ठगों ने लोगों को जाल में फंसाने का नया तरीका अपनाया है। इस बार ठग तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय उर्फ थलपति विजय के नाम और कथित फाउंडेशन का सहारा लेकर लोगों से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल को अब तक आधा दर्जन से अधिक शिकायतें मिल चुकी हैं। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ठग खुद को फाउंडेशन का कर्मचारी बताकर लोगों को बिजनेस लोन, शिक्षा ऋण, स्टार्टअप लोन और विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देते हैं। भरोसा जीतने के बाद मोबाइल पर एक लिंक भेजकर पंजीयन कराया जाता है। इसके बाद जीएसटी, प्रक्रिया शुल्क और अन्य चार्ज के नाम पर ऑनलाइन रकम जमा कराई जाती है।

शिकायतें मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने ठगों के डिजिटल नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह कहां से संचालित हो रहा है और इसके पीछे कितने लोग शामिल हैं। मामले में इंदौर पुलिस तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में है और जानकारियां साझा की जा रही हैं।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया के अनुसार, शिकायतों के आधार पर डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और ठगी के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...