← वापस
दमोह

तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूदी मां, तीन की मौत; एक बच्ची बची!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तीन बच्चों को लेकर कुएं में कूदी मां, तीन की मौत; एक बच्ची बची!

 

दमोह के जमुनिया गांव में दर्दनाक घटना, बच्ची की चीख सुनकर ग्रामीणों ने चारों को निकाला बाहर; मां पर मारपीट के आरोप

दमोह/पथरिया। दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 28 वर्षीय मंजू अपने तीन बच्चों के साथ कुएं में कूद गई। हादसे में मंजू, उसकी 4 वर्षीय बेटी अन्नू और 3 वर्षीय बेटे अनुज की मौत हो गई, जबकि 5 वर्षीय बेटी आरुषि को ग्रामीणों ने बचा लिया।

घटना के समय प्रभात फेरी के लिए निकले लोगों ने कुएं से बच्ची की चीख सुनी। ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए चारों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। पथरिया स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने मंजू और उसके दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। जीवित बची बच्ची ने बताया कि उसकी मां ने पहले बच्चों को कुएं में धकेला और फिर खुद छलांग लगा दी।

पति पर मारपीट के आरोप, जांच में जुटी पुलिस

मृतका की मां उमा रानी ने अपने दामाद पर शराब पीकर बेटी के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, पति ने किसी विवाद की जानकारी होने से इनकार करते हुए घटना के कारणों से अनभिज्ञता जताई है। परिजनों के आरोपों और घटना की परिस्थितियों को लेकर अब पुलिस जांच कर रही है।

पथरिया थाना प्रभारी महेंद्र जगेत के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

खबरें और भी हैं...