← वापस
भोपाल

तीन घंटे में तीन सड़क हादसे: सीहोर में डंपर से टकराकर पुलिया के नीचे उतरी यात्री बस, बड़ा हादसा टला

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तीन घंटे में तीन सड़क हादसे: सीहोर में डंपर से टकराकर पुलिया के नीचे उतरी यात्री बस, बड़ा हादसा टला

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर सोमवार को सड़क हादसों की श्रृंखला ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी। सबसे बड़ा हादसा आमलाहा और सोंडा के बीच हुआ, जहां हंस ट्रैवल्स की यात्री बस सामने से आ रहे डंपर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया के नीचे उतर गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच गई और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, बस इंदौर से यात्रियों को लेकर भोपाल जा रही थी। सोंडा-आमलाहा के पास सामने से आ रहे डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस पुलिया के नीचे जा उतरी। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

  सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। घायल यात्रियों को तत्काल सीहोर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से बस हटवाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इधर, इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में एक ऑटो पलटने की सूचना भी पुलिस को मिली, जबकि संग्रामपुर के पास एक स्कूल बस भी सड़क से उतर गई। इन दोनों घटनाओं में भी किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...