← वापस
महाराष्ट्र

तीन महीने बाद फिर खुला अंबाबारवा अभयारण्य, सफारी में दिखेंगे बाघ-तेंदुए  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तीन महीने बाद फिर खुला अंबाबारवा अभयारण्य, सफारी में दिखेंगे बाघ-तेंदुए

 

संग्रामपुर। हरियाली से घिरे सातपुड़ा की गोद में बसे अंबाबारवा अभयारण्य में वन्यजीव प्रेमियों का तीन महीने का इंतजार खत्म हो गया है। मानसून के चलते बंद की गई जंगल सफारी 1 अक्टूबर से फिर शुरू हो गई है। इससे मेलघाट क्षेत्र में वन्यजीव और प्राकृतिक नजारों का आनंद लेने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है।

    मानसून में क्यों बंद रहता है अभयारण्य?

राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार बाघ अभयारण्यों के मुख्य क्षेत्रों में 5 जुलाई से 30 सितंबर तक मानसून अवधि में पर्यटन बंद रखा जाता है। इसी व्यवस्था के तहत सोनाला वन अभयारण्य के अंतर्गत आने वाला अंबाबारवा भी तीन महीने पर्यटकों के लिए बंद रहा। बारिश के दौरान जंगल के कच्चे रास्तों की स्थिति खराब होने, वन्यजीवों के प्रजनन काल और उनके शांत आवास को सुरक्षित रखने के लिए यह अवधि निर्धारित की जाती है।

अब मानसून समाप्त होने के बाद वन विभाग ने सफारी मार्गों की मरम्मत और जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नए सीजन में घने और हरे-भरे जंगल के बीच सफारी का रोमांच बढ़ने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस मौसम में पर्यटकों को तेंदुए नजर आने की संभावना अधिक बताई जा रही है।

भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून के ट्रैप कैमरा सर्वे के अनुसार अभयारण्य में 17 बाघ और 21 तेंदुए मौजूद हैं। पिछले साल की तुलना में बाघों की संख्या बढ़ी है। सोनाला वन रेंज अधिकारी अजय बावने ने कहा कि मानसून के बाद जंगल अधिक घना और मनोरम हो गया है। उन्होंने पर्यटकों से ऑनलाइन बुकिंग कराने और वन विभाग के नियमों का पालन करने की अपील की।

खबरें और भी हैं...