← वापस
मध्यप्रदेश

तीन महीने बाद फिर खुला बांधवगढ़, पहले दिन ही बाघिन के दीदार  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तीन महीने बाद फिर खुला बांधवगढ़, पहले दिन ही बाघिन के दीदार

 

ताला, मगधी और खितौली गेट से शुरू हुई सफारी; एक माह की ऑनलाइन बुकिंग फुल, 195 गाइडों को प्रशिक्षण

उमरिया। तीन माह के मानसून ब्रेक के बाद विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का कोर क्षेत्र बुधवार 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए फिर खुल गया। नए पर्यटन सत्र की शुरुआत ताला, मगधी और खितौली गेट से हुई। गेटों को फूलों और सजावटी सामग्री से सजाया गया। पार्क प्रबंधन और वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पर्यटकों का पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया। प्रवेश से पहले पूजा-अर्चना कर वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटन सत्र के सफल संचालन की कामना की गई।

पहले ही दिन ताला गेट से प्रवेश करने वाले पर्यटकों को सिद्ध बाबा क्षेत्र के पास बाघिन के दीदार हो गए। प्राकृतिक परिवेश में विचरण करती बाघिन को देखकर पर्यटक रोमांचित हो उठे। सफारी वाहनों में सवार पर्यटकों ने काफी देर तक बाघिन की गतिविधियां देखीं और इस यादगार पल को कैमरों में कैद किया।

30 जून तक चलेगा कोर क्षेत्र में पर्यटन

कोर क्षेत्र में पर्यटन 1 अक्टूबर से 30 जून तक संचालित होगा, जबकि बफर क्षेत्र में सफारी वर्षभर जारी रहेगी। पर्यटकों की सुरक्षा के लिए उन्हें पार्क के नियमों का पालन करने और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की जानकारी दी जा रही है।

क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि इस बार पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। बाघ दर्शन के साथ जंगल, वन्यजीव, पक्षी, वनस्पति, इतिहास, पर्यावरण और बांधवगढ़ के भौगोलिक महत्व की जानकारी भी पर्यटकों को दी जाएगी। प्राचीन गुफाएं, मंदिरों के अवशेष और शेषशय्या जैसे ऐतिहासिक स्थल भी पर्यटन अनुभव को समृद्ध करते हैं।

पांच साल में 9.50 लाख पर्यटक, 76 करोड़ की आय

बांधवगढ़ में देशी के साथ विदेशी पर्यटकों की संख्या भी लगातार बढ़ी है। वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक पांच पर्यटन सत्रों में 9 लाख 50 हजार 177 पर्यटक पहुंचे। इनमें 8 लाख 34 हजार 693 देशी और 1 लाख 15 हजार 484 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। इस अवधि में पर्यटन से 76 करोड़ 1 लाख 32 हजार 188 रुपए की आय हुई।

सबसे ज्यादा 2 लाख 12 हजार 486 पर्यटक वर्ष 2025-26 में पहुंचे। इस दौरान पर्यटन से 19 करोड़ 50 लाख 47 हजार 789 रुपए की आय हुई।

एक माह की बुकिंग पहले ही, जिप्सियों की जांच सख्त

नए सत्र की शुरुआत से पहले ही लगभग एक माह की ऑनलाइन टिकट बुकिंग हो चुकी है। सफारी वाहनों के दस्तावेज, तकनीकी स्थिति और निर्धारित मानकों की जांच के साथ पंजीयन किया जा रहा है।

195 गाइड प्रशिक्षित, 105 को अंग्रेजी की ट्रेनिंग

पर्यटकों को जंगल और वन्यजीवों की बेहतर जानकारी देने के लिए करीब 195 गाइडों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ‘जंगल की पाठशाला’ के तहत वन्यजीवों के पदचिह्न, गतिविधियां, पक्षियों की पहचान, वनस्पतियों और बांधवगढ़ के इतिहास की जानकारी दी जा रही है। वहीं 105 गाइडों को अंग्रेजी भाषा और बेहतर संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया गया है, ताकि विदेशी पर्यटकों को भी प्रभावी तरीके से जानकारी दी जा सके।

हाथियों की मौजूदगी के बीच भी सफारी जारी

क्षेत्र संचालक सहाय के अनुसार जंगली हाथियों की आवाजाही के बावजूद सफारी जारी रहेगी। पर्यटकों की सुरक्षा को देखते हुए गाइड और वाहन चालकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। नए सत्र में वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

खबरें और भी हैं...