← वापस
धार

तीन महीने से यूनिफॉर्म का इंतजार, 15 अगस्त भी सिर पर: 1.85 लाख बच्चे पुरानी ड्रेस के भरोसे!  

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
तीन महीने से यूनिफॉर्म का इंतजार, 15 अगस्त भी सिर पर: 1.85 लाख बच्चे पुरानी ड्रेस के भरोसे!

 

राशि की जगह तैयार यूनिफॉर्म का फैसला, व्यवस्था अब तक अटकी

धार। सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए तीन महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन कक्षा पहली से आठवीं तक पढ़ने वाले करीब 1 लाख 85 हजार विद्यार्थियों को अब तक नई यूनिफॉर्म नहीं मिल सकी है। 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व भी सामने है और स्कूलों में होने वाले आयोजनों में बच्चे पुरानी ड्रेस पहनकर पहुंचने को मजबूर हैं।

हर साल विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए राशि उपलब्ध कराने की व्यवस्था थी, लेकिन इस बार शासन ने नीति में बदलाव करते हुए राशि के बजाय तैयार यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का फैसला किया है। खरीदी और वितरण की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होने से जिले में व्यवस्था अटक गई है।

2330 प्राथमिक, 816 माध्यमिक स्कूलों के बच्चे पात्र

जिले में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म की पात्रता है। इसके दायरे में 2330 प्राथमिक और 816 माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। पिछले वर्षों में विद्यार्थियों के खातों में सीधे राशि भेजी जाती थी, जिससे अभिभावक दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदते थे।

तीन साल से खाते में आ रहे थे 600 रुपए

वर्ष 2022-23 से 2024-25 तक प्रत्येक पात्र विद्यार्थी को दो यूनिफॉर्म के लिए 600 रुपए दिए जाते रहे। पिछले वर्ष भी अगस्त के अंत तक अधिकांश विद्यार्थियों के खातों में राशि पहुंच गई थी। इस बार व्यवस्था बदलने से अभिभावकों को राशि का इंतजार भी खत्म हो गया और नई ड्रेस भी समय पर नहीं मिली।

पुरानी ड्रेस छोटी हुई तो सादे कपड़ों का सहारा

नई यूनिफॉर्म नहीं मिलने से अधिकांश बच्चे पिछले साल की ड्रेस पहनकर स्कूल पहुंच रहे हैं। कई बच्चों की पुरानी यूनिफॉर्म छोटी हो चुकी है या खराब हो गई है। ऐसे में कुछ विद्यार्थी सादे कपड़ों में स्कूल आने को मजबूर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह परेशानी और बढ़ गई है।

सरदारपुर में सबसे ज्यादा विद्यार्थी

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सरदारपुर में 30,200, नालछा में 21,550, बाग में 17,658 और गंधवानी में 16,517 विद्यार्थी दर्ज हैं। बदनावर में 14,890, तिरला में 13,380, डही में 12,800 और मनावर में 12,600 विद्यार्थी हैं। जिले के उपलब्ध विकासखंडवार आंकड़ों का कुल आंकड़ा करीब 1.81 लाख बैठता है।

   अब सवाल यह है कि जब स्वतंत्रता दिवस सामने है तो बच्चों को नई यूनिफॉर्म कब मिलेगी? शासन के फैसले के बाद भी वितरण शुरू नहीं होने से स्कूल प्रबंधन और अभिभावक दोनों असमंजस में हैं।

खबरें और भी हैं...