आदिवासी किसानों के समर्थन में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ मझगवां वन कार्यालय पहुंचे सुरेंद्र सिंह गहरवार; वन विभाग बोला- कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई जब्ती
चित्रकूट। मझगवां में आदिवासी किसान के ट्रैक्टर की जब्ती को लेकर सोमवार को वन विभाग कार्यालय के सामने जमकर हंगामा हुआ। चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सैकड़ों आदिवासी ग्रामीणों के साथ वन विभाग कार्यालय पहुंचे और ट्रैक्टर जब्ती के विरोध में धरने पर बैठ गए। विधायक ने वन विभाग से ट्रैक्टर तत्काल छोड़ने की मांग करते हुए कहा कि “या तो ट्रैक्टर छोड़ो, नहीं तो आज रात यहीं बीतेगी।”
मामला खेत जोतने के दौरान वन भूमि पर जुताई के आरोप से जुड़ा है। बताया गया कि मझगवां वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आदिवासी किसान का ट्रैक्टर जब्त कर लिया था। इसके विरोध में विधायक ग्रामीणों को साथ लेकर वन विभाग कार्यालय पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और धरना शुरू हो गया।
स्थिति को देखते हुए वन विभाग के एसडीओ, मझगवां रेंजर और थाने की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही। विधायक अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आदिवासी ग्रामीणों को बेवजह परेशान किया जा रहा है।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वन भूमि की जुताई के मामले में वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ट्रैक्टर जब्त किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक कार्रवाई के बाद वाहन को नियमों के अनुसार ही छोड़ा जा सकता है।
अब टकराव का केंद्र ट्रैक्टर की जब्ती बन गया है। विधायक के धरने और ग्रामीणों के दबाव के बीच वन विभाग क्या निर्णय लेता है, इस पर सभी की नजर है।