IRCTC की तरह ऐप तैयार कर रही सरकार, GPS और कैमरों से होगी बसों की निगरानी; टिकट नहीं देने वाले कंडक्टरों पर भी होगी कार्रवाई
भोपाल। मध्यप्रदेश में बस यात्रियों को जल्द ही घर बैठे मोबाइल से टिकट बुक करने की सुविधा मिल सकती है। ट्रेन की तर्ज पर बस टिकट बुकिंग के लिए प्रदेश सरकार आधुनिक मोबाइल ऐप तैयार करा रही है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत शुरू होने वाली इस व्यवस्था से यात्रियों को बस का रूट, चढ़ने का स्थान और गंतव्य चुनकर टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी। इसकी शुरुआत भोपाल और इंदौर के अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों (आईएसबीटी) से करने की तैयारी है।
IRCTC की तर्ज पर काम करेगा ऐप
मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा तैयार कराए जा रहे इस ऐप के जरिए यात्री मोबाइल से बस टिकट बुक कर सकेंगे। इससे बस स्टैंड पर टिकट के लिए कतार में लगने की परेशानी कम हो सकती है। हालांकि, अभी ऐप के आधिकारिक नाम और लॉन्च की तारीख घोषित नहीं की गई है।
GPS और कैमरों से होगी निगरानी
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत यात्रियों की सुरक्षा और बसों की निगरानी के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। बसों में जीपीएस सिस्टम और कैमरे चालू रखना अनिवार्य होगा। जीपीएस से बस की लोकेशन का पता लगाया जा सकेगा, जबकि कैमरों के जरिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
किराया लेने के बाद टिकट नहीं दिया तो कार्रवाई
बसों में यात्रियों से किराया लेने के बाद टिकट नहीं देने की शिकायतों को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने टिकट देना अनिवार्य किया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले कंडक्टरों पर जुर्माना लगाने के साथ नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है।
बिना टिकट यात्रा करने वालों पर भी शिकंजा
नियम केवल कंडक्टरों तक सीमित नहीं रहेंगे। बस में बिना टिकट सफर करते पकड़े जाने वाले यात्रियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। नई व्यवस्था का उद्देश्य टिकट प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाना, बसों की निगरानी मजबूत करना और यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है।