शराब के नशे में कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष की आशंका, एक संदिग्ध हिरासत में; दो अन्य की तलाश में पुलिस की दबिश
धार। जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गुणावद में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। तिरुपति होटल पर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते चाकूबाजी में बदल गई। हमले में नियामतखेड़ी निवासी विकास कायस्त की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई। घटना के पीछे पुरानी रंजिश और शराब के नशे में हुए विवाद के पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होटल पर विकास कायस्त और गुणावद निवासी गोलू के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि उस समय संबंधित लोग शराब के नशे में थे। कहासुनी बढ़ने के बाद चाकूबाजी हुई, जिसमें विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल धार के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुणावद निवासी सुनील सबनेर (38) और पीपल्दा निवासी बलराम मालवीय (35) भी घायल हुए हैं। दोनों का भोज अस्पताल में उपचार जारी है।
एक हिरासत में, दो अन्य की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही सादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इमरान (पिता इकबाल) को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मामले से जुड़े दो अन्य आरोपियों के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस होटल कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि चाकू किसने चलाया और वारदात में किसकी क्या भूमिका थी।
गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीआरपी लाइन धार और आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर और बदनावर एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
पारुल बेलापुरकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, धार।