← वापस
मध्यप्रदेश

ट्रांसफार्मर फेल, पूरे गांव में छाया अंधेरा... शिकायतों के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग

राजवाड़ा दर्पण
राजवाड़ा दर्पण
ट्रांसफार्मर फेल, पूरे गांव में छाया अंधेरा... शिकायतों के बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग

गर्मी में तड़प रहे ग्रामीण, जेई के कथित जवाब से बढ़ा आक्रोश; एसडीएम ने वरिष्ठ अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश

दमोह/हटा। जिले में जहां कलेक्टर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर रहे हैं, वहीं बिजली विभाग की कार्यशैली ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ाती नजर आ रही है। हटा ब्लॉक के हिनौता विद्युत केंद्र अंतर्गत ग्राम बंधा में सभी ट्रांसफार्मर फेल होने से पूरा गांव कई दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने अब तक न तो ट्रांसफार्मर बदले और न ही बिजली बहाल करने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की।

बिजली गुल होने से गांव का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रातें अंधेरे में गुजारने को मजबूर हैं। पेयजल आपूर्ति से लेकर दैनिक कामकाज तक प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समाधान के बजाय सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि हिनौता विद्युत केंद्र के कनिष्ठ अभियंता ऋषि पटेल ने कथित तौर पर उन्हें यह कहकर हटा कार्यालय जाने की सलाह दी कि "यहां से कुछ नहीं होगा, आप हटा संपर्क करें।" इस कथित बयान के बाद ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी और बढ़ गई है। लोगों का सवाल है कि यदि स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होना है, तो वहां पदस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी आखिर क्या है।

मामला प्रशासन तक पहुंचने के बाद हटा एसडीएम राकेश मरकाम ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराते हुए शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। अब ग्रामीणों की नजर इस बात पर टिकी है कि बिजली विभाग कब तक ट्रांसफार्मर बदलकर गांव की बिजली बहाल करता है और अंधेरे में डूबे गांव को राहत मिलती है।

खबरें और भी हैं...