इंदौर। सराफा बाजार में सोने की कथित तस्करी से जुड़े मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की जांच में करीब 100 करोड़ रुपए से अधिक के सोने की खरीद का खुलासा हुआ है। इंदौर के एक ज्वेलर्स ने पिछले 2-3 साल में करीब 90 किलो सोना खरीदा। आशंका है कि यह सोना विदेश से तस्करी कर भारत लाया गया और बाद में आभूषण कारोबार के जरिए बाजार में बेचा गया।
मामले में आरोपी दीपक खंडेलवाल और उनके बेटे नकुल खंडेलवाल की जमानत याचिका जिला कोर्ट ने खारिज कर दी है। पिता-पुत्र ने तस्करी का सोना खरीदने के आरोपों से इनकार किया है। घटना के अनुसार, डीआरआई को सूचना मिली थी कि कुछ लोग महाराष्ट्र से सोना लेकर इंदौर आ रहे हैं। इस सूचना पर 14 अगस्त 2026 को एजेंसी ने एक कार की तलाशी ली। इसमें सवार रोमेल और यश लालवानी के पास से आगे की सीट के नीचे रखे बॉक्स में सोने के 3 बिस्किट मिले। इनकी कीमत 4.72 करोड़ रुपए बताई गई। पूछताछ में सोना इंदौर के कारोबारी दीपक खंडेलवाल को बेचे जाने की बात सामने आई। जांच में 3 किलो सोने में से 2 किलो दीपक का बताया गया, जिसके बाद एजेंसी ने पड़ताल का दायरा बढ़ाया।
निखिल लालवानी के जरिए खरीद
जांच में सराफा बाजार स्थित जीडी ज्वेलर्स का संबंध दीपक और नकुल खंडेलवाल से सामने आया। दोनों को 19 अगस्त को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। डीआरआई के मुताबिक, निखिल लालवानी के जरिए पिछले 2-3 साल में करीब 90 किलो सोना खरीदा गया, जिसकी कीमत 100 करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। एजेंसी यह भी जांच रही है कि इस खरीद-बिक्री में सीमा शुल्क की चोरी हुई या नहीं।
नकद भुगतान वालों पर नजर
जांच का दायरा अब सोना खरीदने वाले बड़े ग्राहकों तक बढ़ाया जा सकता है। एजेंसी उन लोगों के लेनदेन की पड़ताल कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर नकद भुगतान कर सोना खरीदा। कुछ अन्य सराफा कारोबारियों की भूमिका की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
कोर्ट से राहत नहीं
अदालत में दीपक और नकुल खंडेलवाल की ओर से तस्करी के सोने की खरीद से इनकार किया गया। उनके पक्ष ने कहा कि वे करीब 20 साल से सराफा कारोबार कर रहे हैं और परिवार के साथ राजस्थान में कुलदेवी के दर्शन करने गए थे, तभी डीआरआई ने कोटा में उन्हें गिरफ्तार किया। एजेंसी की ओर से विशेष लोक अभियोजक चंदन ऐरन ने पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जिला कोर्ट ने पिता-पुत्र की जमानत याचिका खारिज कर दी।