इंदौर से आरोपी गिरफ्तार, परिवार की समस्याएं दूर करने का दिया था भरोसा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में तंत्र-मंत्र के नाम पर भय पैदा कर और शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर एक महिला से लगभग 85 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद दुर्ग पुलिस ने इंदौर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया था या नहीं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फिलहाल बेरोजगार है और स्वयं को तंत्र-मंत्र से जुड़ा व्यक्ति बताकर लोगों का विश्वास जीतना था।
पुलिस के अनुसार, भिलाई नगर निवासी महिला की कुछ समय पहले रायपुर में पवन बधोरिया नामक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने खुद को तंत्र-मंत्र और विशेष अनुष्ठानों का जानकार बताते हुए महिला को विश्वास दिलाया कि उसके परिवार पर संकट मंडरा रहा है। उसने दावा किया कि पति और बेटी से जुड़ी परेशानियों का समाधान विशेष पूजा-पाठ और तांत्रिक विधियों से किया जा सकता है। इसी बहाने उसने महिला का भरोसा जीत लिया।
खुद को निवेश जानकार बताया
कुछ समय बाद आरोपी ने महिला के सामने शेयर मार्केट में निवेश का प्रस्ताव रखा। उसने खुद को निवेश का विशेषज्ञ बताते हुए कम समय में कई गुना लाभ दिलाने का दावा किया। आरोपी की बातों में आकर महिला ने उसके बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम जमा कराई। पुलिस के अनुसार, कुछ राशि नकद भी आरोपी को सौंपी गई। इस तरह कुल लेन-देन करीब 85 लाख रुपये तक पहुंच गया। जब महिला ने निवेश से होने वाले लाभ या अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाकर टालता रहा। काफी समय तक रकम नहीं मिलने पर महिला को ठगी का संदेह हुआ और उसने भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
तंत्र-मंत्र से विश्वास जीता, फिर पैसे ऐंठे
मामले की जांच में दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन इंदौर में पता लगाई। इसके बाद पुलिस टीम ने इंदौर पहुंचकर पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया, जहां अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी ने पहले तंत्र-मंत्र के माध्यम से परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा देकर महिला का विश्वास हासिल किया और बाद में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़ी रकम ले ली।
आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने इसी तरीके से अन्य लोगों से भी ठगी की है। यदि ऐसे और मामले सामने आते हैं तो जांच का दायरा और बढ़ाया जाएगा।