← वापस
धार

तेंदुए का झपट्टा: बकरियां चराने गए 10 साल के बच्चे की पीठ पर पंजे-दांत गड़ाए  

राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
राजवाड़ा दर्पण ब्यूरो
तेंदुए का झपट्टा: बकरियां चराने गए 10 साल के बच्चे की पीठ पर पंजे-दांत गड़ाए

 

बख्तला में मादा तेंदुए का हमला; 15-20 फीट दूर मिले 3 शावक, रात में दो शावकों को लेकर जंगल में गई मां—गुजरी बायपास के खेत में भी दहाड़ से दहशत

धार। जिले के जंगल से सटे गांवों में वन्यप्राणियों की मौजूदगी अब ग्रामीणों के लिए खतरे की घंटी बनती जा रही है। गंधवानी वन क्षेत्र के बख्तला (जमरापुरा) में शनिवार को बकरियां चराकर लौट रहे 10 वर्षीय बालक पर मादा तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुए के पंजों और दांतों से बालक की पीठ पर गहरे घाव हो गए। बच्चों और ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ जंगल की ओर भागा, जिससे बालक की जान बच सकी। गंभीर हालत में उसे गंधवानी से धार रेफर किया गया, जहां निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

   जानकारी के अनुसार अखिल पिता फूलसिंह अन्य बच्चों के साथ खेत-जंगल की सीमा पर बकरियां चरा रहा था। घर लौटते समय झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में उसकी पीठ पर पंजों के साथ दांतों के निशान आए। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद तेंदुआ भाग गया।

   जहां हमला हुआ, उससे कुछ कदम दूर मिले तीन शावक

हमले के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो घटनास्थल से करीब 15-20 फीट की दूरी पर तेंदुए के तीन शावक मिले। वन विभाग ने तीनों शावकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेंजर होशियार सिंह कन्नौज के अनुसार क्षेत्र में टीम गठित कर संभावित मूवमेंट वाले स्थानों पर निगरानी की जा रही है। बाद में मादा तेंदुआ अपने दो शावकों को लेकर दूसरे सुरक्षित स्थान पर चली गई। ग्रामीणों को शावकों के आसपास नहीं जाने और तेंदुआ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है।

    गुजरी बायपास के खेत में रातभर सुनाई दी दहाड़

इसी बीच राऊ-खलघाट फोरलेन के गुजरी बायपास से लगे खेत में भी तेंदुए की मौजूदगी से दहशत फैल गई। खेत मालिक गौरव तिवारी के अनुसार रात करीब 11 बजे झाड़ियों से तेंदुए की आवाज सुनाई दी। सुबह करीब 5 बजे फिर तेज दहाड़ सुनाई दी। सूचना पर धामनोद वन विभाग की टीम ने खेत और आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग की, लेकिन तेंदुआ नहीं मिला। अधिकारी अरविंद औसारी ने बताया कि निगरानी जारी है और किसानों को खेतों में जाते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

    पुरानी घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

धार जिले के जंगल और खेतों से सटे इलाकों में पहले भी तेंदुए के मूवमेंट की घटनाएं सामने आती रही हैं। आबादी के करीब तेंदुए और उनके शावकों की मौजूदगी में अचानक सामना होने पर हमला होने का खतरा बढ़ जाता है। वन विभाग का कहना है कि शावकों वाली मादा तेंदुआ अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर ज्यादा आक्रामक हो सकती है। ऐसे में ग्रामीणों को अकेले जंगल किनारे जाने, झाड़ियों में घुसने या शावकों के करीब जाने से बचना चाहिए।

खबरें और भी हैं...