नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तेंदुए की दो खाल, 180 जीवित भारतीय सितारा कछुए,12 जीवित टोके गेको,करीब 24 किलो पैंगोलिन के शल्क और 500 ग्राम बाघ की हड्डियां जब्त की हैं। इतनी बड़ी मात्रा में दुर्लभ वन्यजीव और उनके अंग मिलने से तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क को लेकर जांच तेज हो गई है।
अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए जीवित कछुओं और छिपकलियों को सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी शुरू की गई। जब्त सामग्री में तेंदुए की खाल और बाघ की हड्डियां भी शामिल हैं, जिनकी अवैध वन्यजीव कारोबार में मांग होने की आशंका है। पैंगोलिन के शल्क भी बड़ी मात्रा में मिले हैं।
कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दुर्लभ वन्यजीवों को कहां से पकड़ा गया और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। तस्करी में शामिल लोगों, उनके संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले में वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। बरामद वन्यजीवों और उनके अंगों की जांच के साथ उनके स्रोत और अंतिम गंतव्य का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इतनी बड़ी बरामदगी ने देश में सक्रिय वन्यजीव तस्करी के संगठित नेटवर्क पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।