कटंगी रेंजर बाबूलाल चडार पर भुगतान में टालमटोल और मजदूरों की राशि में गड़बड़ी के आरोप; भोपाल से बालाघाट तक लगाई गुहार, निष्पक्ष जांच की मांग
बालाघाट। वन विभाग की तेंदूपत्ता समिति के अंतर्गत कराए गए निर्माण कार्य अब भुगतान विवाद में घिर गए हैं। वर्ष 2023 में चार भवनों के निर्माण पर करीब 32 लाख रुपए खर्च करने का दावा करने वाले ठेकेदार पवन वैद्य का आरोप है कि काम पूरा होने के बावजूद उन्हें आधी राशि भी नहीं मिली। बकाया भुगतान के लिए वे लंबे समय से विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं।
ठेकेदार के अनुसार, कटंगी रेंजर बाबूलाल चडार ने 850 रुपए प्रति वर्गफीट की दर से सामुदायिक भवन तिरोड़ी, खादीटोला समिति कार्यालय, सामुदायिक भवन लिंगापौन और समिति कार्यालय सीतापुर का निर्माण कराया था। उनका दावा है कि चारों भवन निर्धारित समय में तैयार कर दिए गए थे।
मजदूरों के भुगतान पर भी सवाल
पवन वैद्य का कहना है कि करीब 11 लाख रुपए मजदूरी का हिसाब था, जिसमें से 7.50 लाख रुपए मजदूरों के खातों में जमा हुए। आरोप है कि जमा राशि में से कुछ रकम वापस लिए जाने की बात भी सामने आई है। वहीं, उन्हें करीब 7 लाख रुपए और कुछ छोटी किश्तों में भुगतान मिलने का दावा है।
रेंजर ने काम कराने से किया इनकार
ठेकेदार के मुताबिक, भुगतान के लिए भोपाल से बालाघाट तक अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उन्हें बताया गया कि कार्य का कोई टेंडर जारी नहीं हुआ था। इसके बाद रेंजर से चर्चा करने पर उन्होंने ठेकेदार से निर्माण कराने की बात से इनकार कर दिया।
अब सवाल है कि यदि निर्माण कार्य नहीं कराए गए तो भवन किसने बनवाए और भुगतान किस आधार पर हुआ? ठेकेदार ने वरिष्ठ वन अधिकारियों से निर्माण दस्तावेजों, मजदूरों के बैंक खातों और भुगतान अभिलेखों की जांच कराकर बकाया राशि दिलाने की मांग की है।