नगर निगम, पुलिस और प्रशासन से चार सप्ताह में जवाब मांगा
इंदौर। जयरामपुर कॉलोनी रोड पर गणेश उत्सव के दौरान सड़क पर पंडाल लगाने के मामले में हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने पुलिस और प्रशासन से जवाब मांगा है। जस्टिस संदीप एन. भट्ट की सिंगल बेंच ने सुनवाई के दौरान कहा कि हर समुदाय को धार्मिक त्योहार मनाने का अधिकार है, लेकिन आयोजन के कारण आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होनी चाहिए।
कोर्ट ने नगर निगम, पुलिस और प्रशासन से धार्मिक आयोजनों के लिए स्पष्ट नीति और नियम बनाने पर विचार करने को भी कहा है। यह याचिका मनोज विरुद्ध मप्र शासन एवं अन्य के नाम से दायर की गई है। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट रवीन्द्र मार्तंड देशपांडे ने पक्ष रखा। कोर्ट को बताया गया कि जयरामपुर कॉलोनी रोड पर गणेश उत्सव के लिए सड़क पर पंडाल लगाया जाता है। इससे इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है और यातायात भी प्रभावित होता है।
याचिका में सड़क पर गणेश उत्सव आयोजित करने पर रोक लगाने की मांग की गई है। साथ ही नगर निगम की पानी की टंकी के पास स्थित खुले भूखंड पर गणेश उत्सव आयोजित करने की अनुमति देने के निर्देश देने का आग्रह किया गया है।
भीड़, पार्किंग और तेज आवाज
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि सड़क पर पंडाल लगने से आम लोगों के आवागमन में दिक्कत हो सकती है। धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी, सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और तेज आवाज में संगीत बजने से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। कोर्ट ने साफ किया कि धार्मिक त्योहार मनाने का अधिकार सभी समुदायों को है, लेकिन आयोजन की व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि आम जनता को बेवजह परेशानी न हो।
आयोजन की अनुमति और शर्तें
हाई कोर्ट ने नगर निगम, पुलिस और संबंधित अधिकारियों से कहा कि धार्मिक आयोजनों को लेकर स्पष्ट नीति बनाने पर विचार किया जाए। इसमें आयोजन की अनुमति देने की प्रक्रिया, अनुमति की सीमाएं और शर्तें तय की जा सकती हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि नियमों का उल्लंघन करने या बिना अनुमति आयोजन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
4 सप्ताह में जवाब मांगा
कोर्ट ने मामले में प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर 4 सप्ताह में जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई में दूसरे पक्ष को सुनने के बाद कोर्ट यह भी विचार कर सकता है कि मामले को जनहित याचिका के रूप में लिया जाए या नहीं। ऐसा होने पर सड़क पर होने वाले धार्मिक आयोजनों से जुड़े व्यापक मुद्दों पर सुनवाई का दायरा बढ़ सकता है।
मामला पंडाल तक सीमित नहीं
हाई कोर्ट की टिप्पणी केवल जयरामपुर कॉलोनी के गणेश पंडाल तक सीमित नहीं है। सुनवाई के दौरान उठे मुद्दे सड़क पर होने वाले अन्य धार्मिक आयोजनों से भी जुड़े हैं। इनमें आम लोगों की सुविधा, यातायात व्यवस्था और आयोजन की अनुमति को लेकर एक समान और स्पष्ट नियम बनाने की जरूरत का सवाल सामने आया है।